Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रतलाम7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कोर्ट जाते समय साथी की गोद में सुरेंद्र।
- ट्रक से 2.27 क्विंटल डोडाचूरा जब्त, बौने सहित पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार
मासूम से दिखने वाला यह कोई 5 साल का बच्चा नहीं 20 साल का पंजाबी युवक है। ढोढर पुलिस ने डोडाचूरा तस्करी मामले में इसे साथी तस्करों के साथ गिरफ्तार किया। कद ढाई फीट होने से पेशी के दौरान आधे रास्ते साथी तस्कर तो आधे रास्ते पुलिसकर्मी ने उसे गोद में उठा रखा। पकड़ाने के बाद से पूरे दिन इस बौने तस्कर ने कुछ भी खाया पीया नहीं। रोने जैसा चेहरा हो गया। पुलिस से छोड़ने की गुहार लगाता रहा। जिसने इसे देखा वो दंग रह गया। पुलिस के अनुसार छोटा कद है लेकिन उम्र 20 साल है। दोनों को कोर्ट में पेश किया। 16 अप्रैल तक रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की है।
चार बहनों में इकलौता भाई है बौना : भास्कर ने छोटे तस्कर की बहन से फोन पर बात की तो उन्होंने दावा किया कि हम चार बहनों में वह सबसे छोटा है। उसकी उम्र 12 साल है और आठवीं पढ़ता है। ट्रक का हिसाब-किताब वही रखता है। इधर पुलिस उसकी उम्र 20 साल बता रही और इसी आधार पर कोर्ट ने उसे रिमांड पर सौंपा है। सच तो जन्म संबंधी दस्तावेज प्राप्त होने पर ही स्पष्ट होगा।
ढाई फीट का तस्कर सुरेंद्र सिंह।
जावरा-नयागांव फोरलेन के कलालिया फंटे पर नाकाबंदी कर पकड़ा दोनों को
रिंगनोद थाना प्रभारी दर्शना मुजाल्दे व ढोढर चौकी प्रभारी राजेश मालवीय ने बताया मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब के एक ट्रक में दो तस्कर क्षेत्र से अवैध डोडाचूरा ले जा रहे हैं। एसडीओपी रवींद्र बिलवाल ने ढोढर चौकी प्रभारी मालवीय के नेतृत्व में टीम बनाई। उसने जावरा-नयागांव फोरलेन के कलालिया फंटे पर नाकाबंदी की। यहां से ट्रक (पीबी 13 एडब्ल्यू 9117) रोका और तलाशी ली तो ट्रक में भरे धनिए के बोरों के बीच 12 कट्टों में डोडाचूरा छिपा रखा था।
पुलिस ने इसे जब्त किया और वजन करवाया तो 2 क्विंटल 27 किलो निकला। कीमत 4.5 लाख रुपए बताई जा रही है। ट्रक चालक हरनेकसिंह पिता गुरुदेवसिंह मिस्त्री (48) निवासी बड़ा गुरुद्वारा सुनाम जिला संगरूर पंजाब और उसके साथी ढाई फीट के तस्कर सुरेन्द्र सिंह पिता बट्टू सिंह, उम्र 20 निवासी हरेऊ (पंजाब) को गिरफ्तार किया। देखने में वह बच्चे जैसा लगा तो पुलिस धोखा खा गई। जांच-पड़ताल की और उससे उम्र पूछी तो जन्म तारीख जनवरी 2000 बताई। वह पंजाब के संगरूर जिले के लहरा थाना क्षेत्र के हरेऊ गांव का रहने वाला है। ट्रक उसकी मां के नाम रजिस्टर्ड है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में केस दर्ज किया।
फिर पुलिस ने मेडिकल और कोरोना टेस्ट करवाया तथा जावरा कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने दोनों आरोपियों 16 अप्रैल तक के लिए रिमांड पर सौंप दिया। पुलिस इनसे डोडाचूरा तस्करी में शामिल बाकी लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में इतना ही पता चला कि ये लोग मंदसौर जिले के कचनारा स्थित किसी ढाबे से डोडाचूरा भरकर लाए और जावरा क्षेत्र में परवलिया के आसपास किसी को भुगतान किया। फिर लौटकर पंजाब जा रहे थे। कार्रवाई के लिए गठित पुलिस टीम में एसआई जेसी हाड़ा, जगदीश हाड़ा, आरक्षक पुष्कर भाटी, राजेश परिहार, आशीष परमार, राकेश लौहार, संजय राठौर की सक्रिय भूमिका रही।