IPL 2021: नीतीश राणा ने हैदराबाद के खिलाफ 80 रन बनाए (nitishrana_official Instagram)
IPL 2021: कोलकाता नाइटराइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 6 विकेट पर 187 रन बनाए. उसकी ओर से नीतीश राणा ने सबसे अधिक 80 रन बनाए. राणा और शुभमन गिल (15) ने 50 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की. राणा ने इसके बाद राहुल त्रिपाठी (53) के साथ 93 रन की साझेदारी की.
गौतम गंभीर और अजित आगरकर क्रिकेट एक्सपर्ट की उस टीम का हिस्सा हैं, जो आईपीएल 2021 (IPL 2021) के लिए कॉमेंट्री कर रही है. आईपीएल में रविवार को कोलकाता नाइटराइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला हुआ. हैदराबाद की टीम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी चुनी. इसी के बाद प्री-मैच शो में होस्ट ने गंभीर और आगरकर से पूछा कि कोलकाता की टीम पावरप्ले में कितने रन बनाएगी.
गौतम गंभीर ने कहा कि कोलकाता नाइटराइडर्स पावरप्ले में यानी शुरुआती छह ओवर में एक विकेट पर 40 रन बनाएगा. इसी तरह अजित आगरकर ने कहा कि कोलकाता की टीम पावरप्ले में दो विकेट पर 45 रन बनाएगी. स्पष्ट है कि दोनों पूर्व क्रिकेटरों का मानना था कि कोलकाता पावरप्ले में विकेट गंवाएगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
कोलकाता नाइटराइडर्स ने पावरप्ले में बिना विकेट खोए 50 रन बनाए. इसमें 36 रन नीतीश राणा और 14 रन शुभमन गिल के बल्ले से निकले. गिल तो पावरप्ले के बाद जल्दी ही आउट हो गए लेकिन राणा जमकर खेले. उन्होंने 58 गेंद पर 80 रन की पारी खेली. उनकी पारी की बदौलत ही कोलकाता की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 187 रन का मजबूत स्कोर बना सकी.गौतम गंभीर ने इस मैच के लिए यह भी अनुमान लगाया कि हैदराबाद की ओर से सबसे अधिक विकेट भुवनेश्वर लेंगे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. भुवी सिर्फ एक विकेट ले सके. जबकि राशिद खान और मोहम्मद नबी ने दो-दो विकेट लिए.