Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
सागरकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
- गोपालगंज फ्लाइंग स्क्वॉड में नहीं था स्टॉफ, कोतवाली टीम के दल प्रभारी ही गायब रहे
कोरोना संक्रमण रोकने व कंटेनमेंट जोन में नियमों का पालन कराने शहर में 14 फ्लाइंग स्क्वॉड भले ही गठित कर दी हों, लेकिन सच्चाई यह है कि थाना क्षेत्र में बने माइक्रो कंटेनमेंट जोन की जानकारी निरीक्षण करने वाली इन टीम को ही नहीं है। सिविल लाइन और कोतवाली थाने की पहली शिफ्ट की फ्लाइंग स्क्वॉड ने मंगलवार को एक भी कंटेनमेंट जोन चैक नहीं किया। जब टीम से पूछा तो सदस्यों का कहना था कि उन्हें कंटेनमेंट जोन की जानकारी ही उपलब्ध नहीं कराई गई। तो वहीं गोपालगंज फ्लाइंग स्क्वॉड टीम का कहना था कि उन्होंने चार कंटेनमेंट जोन चैक किए। जब उनसे पूछा कहां-कहां के चैक किए तो स्थान वे भी नहीं बता पाए। कोतवाली टीम के दल प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी दीपक पटैल मंगलवार को दिन भर गायब रहे। वे टीम के साथ निरीक्षण करने नहीं पहुंचे। तो वहीं गोपालगंज टीम में भी राजस्व विभाग से प्रभात कुमार मिश्रा व पुलिस आरक्षक आशुतोष गौतम गायब रहे। सदस्यों ने बताया कि प्रभात कुमार सोमवार को मीटिंग में आए थे। एसडीएम ने उनकी ड्यूटी 181 की शिकायतों के निराकरण में लगा दी है। तो वहीं आशुतोष गौतम पहले से ही छुट्टी पर चल रहे हैं। इसके बाद भी उनकी ड्यूटी फ्लाइंग स्क्वॉड में लगा दी। गोपालगंज और कोतवाली थाना क्षेत्र की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम के पास गाड़ी भी नहीं है। इससे टीम एक साथ तेजी से पूरे क्षेत्र का भ्रमण नहीं कर पा रही हैं।
गोपालगंज फ्लाइंग स्कवॉड समय : दोपहर 12:45
- दोपहर 12:45 तक टीम ने एक भी चालानी कार्रवाई नहीं की।
- दोपहर तक गाइड लाइन का उल्लंघन करने वाले एक भी व्यक्ति को नहीं पकड़ा।
- टीम ने बस स्टैंड, संजय ड्राइव व श्रीराम नगर कॉलोनी में निरीक्षण किया।
सिविल लाइन फ्लाइंग स्कवॉड समय : दोपहर 1:18
- टीम दोपहर में बम्हौरी तिराहे के पास जांच कर रही थी।
- दोपहर तक बिना मास्क के मिले 4 लोगों के चालान काटे।
- तहसीली और सिविल लाइन चौराहा का भ्रमण किया, दो दुकानें चैक की।
कोतवाली फ्लाइंग स्कवॉड समय : दोपहर 2:35
- दोपहर तक बिना मास्क के मिले 23 लोगों के चालान काटे।
- तीन लोगों को कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर खुली जेल भेजा।
- कटरा बाजार, निगम मार्केट, नमकमंडी अौर नया बाजार क्षेत्र में भ्रमण किया।
मोतीनगर फ्लाइंग स्क्वॉड, समय दोपहर 3:14
- टीम के सदस्य 5 कंटेनमेंट जोन की जांच कर चुके थे।
- सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वाले चार लोगों पर जुर्माने की कार्रवाई की।
- टीम ने लेहदरा नाका, मोतीनगर, खुरई बस स्टैंड, आईटीआई कैंपस पहुंची।
सभी दलों को इन नियमों का कराना था पालन
थाना क्षेत्रों में होम आइसोलेशन, होम क्वारेंटाइन का पालन कराना, पॉजिटिव मरीजों की माइक्रो कंटेनमेंट क्षेत्र में चैकिंग करना, लोगों को बे-वजह बाहर घूमने से रोकना, व्यावसायिक दुकानों, बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना, रोको-टोको अभियान के तहत मास्क के प्रति लोगों को जागरूक करना, बिना मास्क वालों को फाइन लगाना और गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों को खुली जेल में भेजना।
गमी में गए थे अचानक लगा दी ड्यूटी
गोपालगंज फ्लाइंग स्क्वॉड के टीम लीडर एके श्रीवास्तव ने बताया कि उनके परिवार में गमी हो गई है। वे सतना गए हुए थे। सोमवार शाम अचानक पता चला कि फ्लाइंग स्क्वॉड में ड्यूटी लगा दी गई है। मंगलवार से थाना क्षेत्र मेें घूमकर निरीक्षण करना है। उन्होंने अधिकारियों को अपनी परेशानी बताई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वे सतना से रात में निकले और सुबह साढ़े 6 बजे सागर पहुंचे। रात भर सो नहीं पाए और सुबह 10 बजे से ड्यूटी करने लगे।
मोतीनगर थाना के आरक्षक विकास सिंह व सुनील लोधी दो से दस अप्रैल तक दो शिफ्ट में फ्लाइंग स्क्वॉड में ड्यूटी कर चुके हैं, लेकिन अधिकारियों ने उनकी ड्यूटी अब फिर दो शिफ्ट में लग दी है। पहली शिफ्ट सुबह 10 से शाम 4 व दूसरी 4 से रात 10 बजे तक चलती है। स्क्वॉड के बाकि सदस्यों की ड्यूटी तो शाम को 4 बजे बदल जाती है, लेकिन उन्हें रात 10 बजे तक डबल ड्यूटी करना पड़ती है। इससे उन्हें दिन में खाना खाने का भी समय नहीं मिलता।
लापरवाही करने वालों को देंगे नोटिस
- फ्लाइंग स्क्वॉड में नए सदस्यों को शामिल किया है। पहला दिन होने से कुछ सदस्य अनुपस्थित रहे हैं। कंटेनमेंट जोन की जानकारी सभी दलों को दी जा रही है। जो लापरवाही कर रहे हैं। सुबह मीटिंग में उनसे बात करता हूं। पूरे क्षेत्र में निरीक्षण व माइक्रो कंटेनमेंट जो चैक न करने वाले दलों को नोटिस दिए जाएंगे। – सीएल वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट