SA VS PAK: बाबर आजम पर शोएब अख्तर ने खड़े किये सवाल (फोटो-एएफपी)
साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में पाकिस्तान को हार मिली जिसके बाद शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) के रवैये पर सवाल खड़े किये और उन्हें विराट कोहली, क्रिस गेल जैसे बल्लेबाजों से सीखने की नसीहत दे डाली.
शोएब अख्तर ने बाबर आजम की धीमी बल्लेबाजी पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उन्हें इस फॉर्मेट में अपने स्ट्राइक रेट पर ध्यान देना चाहिए. शोएब अख्तर ने एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत में कहा, ‘हमारे बल्लेबाजों को सोचने की जरूरत है कि क्या उनका स्ट्राइक रेट टी20 क्रिकेट के लिए सही है. अगर आप क्रिस गेल, विराट कोहली को पचास गेंद देंगें तो वो क्या करेंगे और बाबर आजम ने क्या किया. बाबर एक अच्छा खिलाड़ी है लेकिन 50 गेंद पर 50 रन बनाना सही नहीं है. अगर विकेट गिर रहे हों तो आपको दबाव में नहीं आना चाहिए.’
बाबर को आक्रामक बने रहने की जरूरत-शोएब
शोएब अख्तर ने बाबर आजम की पारी की तुलना एडेन मार्करम से की जिन्होंने 30 गेंदों में 54 रनों की पारी खेली. शोएब अख्तर ने कहा कि जब मार्करम बल्लेबाजी कर रहे थे तो साउथ अफ्रीका के भी विकेट गिर रहे थे लेकिन इस बल्लेबाज ने आक्रामक रवैया नहीं छोड़ा. शोएब अख्तर को बाबर आजम से ऐसे ही रवैये की उम्मीद है.ICC ODI Rankings: बाबर आजम ने विराट कोहली की बादशाहत को किया खत्म, बने नंबर 1 बल्लेबाज
बता दें पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच चार मैचों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबर है. दोनों के बीच तीसरा टी20 बुधवार शाम को सेंचुरियन में खेला जाएगा. वहीं चौथा टी20 16 अप्रैल को होगा. वैसे बाबर आजम तीसरे टी20 से पहले दुनिया के नंबर 1 वनडे बल्लेबाज बन गए हैं. बाबर आजम ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को पछाड़ दिया है. बाबर आजम आईसीसी वनडे रैंकिंग में टॉप पर पहुंचने वाले पाकिस्तान के चौथे बल्लेबाज हैं. उनसे पहले जहीर अब्बास, जावेद मियांदाद और मोहम्मद यूसुफ नंबर वन बल्लेबाज रह चुके हैं.