दुबई: जिम्बाब्वे (Zimbabwe) के पूर्व कप्तान हीथ स्ट्रीक (Heath Streak) को सभी तरह के क्रिकेट से 8 साल के लिए बैन कर दिया गया है. उन्होंने आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी संहिता (ICC Anti Corruption Code) उल्लंघन के 5 आरोपों को स्वीकार किया है जिसमें अंदरूनी जानकारी का खुलासा करना और भ्रष्ट संपर्क में मदद करना शामिल है.
कई सालों से चल रही थी जांच
जिंबाब्वे (Zimbabwe) के सबसे शानदार तेज गेंदबाजों में से एक रहे हीथ स्ट्रीक (Heath Streak) के खिलाफ साल 2017 और 2018 के दौरान के कई मैचों को लेकर जांच चल रही है जब उन्होंने कोच (Coach) की भूमिका निभाई थी.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के बाबर आजम ने छीनी कोहली की बादशाहत, बने दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज
‘स्ट्रीक को नियम का पता था’
आईसीसी की इंटीग्रिटी इकाई के महाप्रबंधक एलेक्स मार्शल (Alex Marshall) ने क्रिकेट की वैश्विक संचालन संस्था के बयान में कहा, ‘हीथ स्ट्रीक अनुभवी पूर्व इंटरनेशल क्रिकेट और राष्ट्रीय टीम के कोच रहे, जिन्होंने कई भ्रष्टाचार रोधी शिक्षा सेशन में हिस्सा लिया और वह संहिता के अंतर्गत अपनी जिम्मेदारी से पूरी तरह अवगत थे.’
Heath Streak banned for eight years under ICC Anti-Corruption Code https://t.co/887PDYUD9j via @ICC
— ICC Media (@ICCMediaComms) April 14, 2021
‘कई बार नियम तोड़ा’
एलेक्स मार्शल ने कहा, ‘‘पूर्व कप्तान और कोच के नाते, उनके पास विश्वास वाला पता था और उनकी जिम्मेदारी थी कि खेल की अखंडता को बरकरार रखें. उन्होंने कई मौकों पर संहिता का उल्लंघन किया जिसके चार अन्य खिलाड़ियों के साथ संपर्क में मदद करना भी शामिल है. उन्होंने इस दौरान जांच में बाधा पहुंचाने और इसमें देर करने की भी कोशिश की.’
‘अंदरूनी जानकारी को लीक किया’
अन्य आरोपों में आईसीसी संहिता और विभिन्न घरेलू संहिताओं के तहत अंदरूनी जानकारी का खुलासा करना भी शामिल है जहां उन्हें पता था या पता होना चाहिए था कि सूचना का इस्तेमाल सट्टेबाजी के लिए किया जा सकता था. इन मैचों में कुछ इंटरनेशनल मुकाबलों के अलावा आईपीएल, बांग्लादेश प्रीमियर लीग और अफगानिस्तान प्रीमियर लीग सहित कई टी20 लीग में उनके कार्यकाल के दौरान के मुकाबले भी शामिल हैं.
स्ट्रीक ने आरोप को स्वीकार किया
आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी संहिता के नियमों के मुताबिक हीथ स्ट्रीक ने आरोपों को स्वीकार करने का फैसला किया और भ्रष्टाचार रोधी पंचाट की सुनवाई की जगह आईसीसी के साथ सजा स्वीकार करने में सहमति जताई. वो 28 मार्च 2029 से दोबारा क्रिकेट से जुड़ पाएंगे.
2019 में कोच के पद से इस्तीफा दिया था
टेस्ट और वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में जिंबाब्वे के सबसे सफल गेंदबाज स्ट्रीक 2018 की शुरुआत तक राष्ट्रीय टीम के कोच रहे लेकिन 2019 वनडे विश्व कप के लिए टीम के क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया. वह 2018 में आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजी कोच भी रहे.