अक्षर पटेल आईपीएल शुरू होने से पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे और इसी के चलते शम्स मुलानी को कुछ वक्त के लिए उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है.
आईपीएल में पहली बार कोरोना सब्स्टीट्यूट को शामिल किया गया है. दिल्ली कैपिटल्स टीम ने घातक कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए ऑलराउंडर अक्षर पटेल के रिप्लेसमेंट के तौर पर शम्स मुलानी को जोड़ा है. उनके अलावा कंधे की चोट के कारण आईपीएल से बाहर हुए टीम के नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की जगह अनिरुद्ध जोशी को शामिल किया गया है.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से पहले गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स टीम ने श्रेयस अय्यर के रिप्लेसमेंट की घोषणा की. दिल्ली की फ्रेंचाइजी ने बताया कि श्रेयस अय्यर के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद उनकी जगह अनिरुद्ध जोशी को जोड़ा जाएगा. इसके अलावा अक्षर पटेल की जगह शम्स मुलानी कुछ समय के लिए टीम से जुड़ेंगे. अनिरुद्ध जोशी इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रॉयल्स की टीम के साथ रहे हैं लेकिन उनको अभी तक आइपीएल में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है.
इसे भी देखें, बुमराह की शादी का एक महीना पूरा, संजना संग फोटो शेयर कर बताया ‘बेस्ट फ्रेंड’
बाएं हाथ के बल्लेबाज और धीमी गति के गेंदबाज मुलानी को IPL के खिलाड़ी नियमों के तहत रिप्लेसमेंट के तौर पर जोड़ा गया है. नियम 6.1 (सी) के तहत फ्रेंचाइजी को कुछ वक्त के लिए सब्स्टीट्यूट को शामिल करने की अनुमति दी जाती है, जब तक कि टीम का मूल सदस्य को जैव-सुरक्षित वातावरण (बायो-सिक्योर बबल) में फिर से प्रवेश करने की अनुमति ना हो. इसलिए, जब तक अक्षर ठीक नहीं हो जाते और उन्हें टीम में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलती, तब तक मुलानी दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहेंगे.33 साल के अनिरुद्ध जोशी गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं. श्रेयस अय्यर की जगह ऋषभ पंत इस बार दिल्ली की कप्तानी कर रहे हैं. उनकी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को सीजन के अपने पहले मैच में मात दी लेकिन दूसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम को शिकस्त झेलनी पड़ी. पंत ने राजस्थान के खिलाफ 51 रन की पारी खेली लेकिन डेविड मिलर और क्रिस मॉरिस की बदौलत राजस्थान ने रोमांचक अंदाज में जीत दर्ज की.