- Hindi News
- Local
- Mp
- Active Case Crosses 5 Thousand In Gwalior Jabalpur; Patients Found In Bhopal More Than Indore On Second Day
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मध्यप्रदेश19 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- खंडवा, बुरहानपुर, देवास और छिंदवाड़ा में संक्रमण दर घटने लगी
मध्यप्रदेश में कोरोना की रफ्तार में नहीं थम रही है। बड़े शहराें का हाल ज्यादा खराब है। ग्वालियर और जबलपुर में 5-5 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हो गए हैं। भोपाल और इंदौर में यह संख्या 10-10 हजार से ज्यादा की है। 24 घंटे में इन चारों बड़े शहरों में 5152 नए संक्रमित आए हैं, 25 की मौत हुई है। भोपाल में सबसे ज्यादा 1669 नए केस आए हैं, जबकि इंदौर-जबलपुर में सबसे ज्यादा 7-7 की मौत हुई है। इंदौर में 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत मिले हैं।
इस बीच थोड़ी राहत की बात यह है कि खंडवा, बुरहानपुर, देवास और छिंदवाड़ा में संक्रमण दर घटने लगी है। यहां नए केस तेजी से घट रहे हैं। खंडवा में पॉजिटिविटी रेट 4.6 प्रतिशत हो गया है। महाराष्ट्र बार्डर पर स्थित होने के बाद भी बुरहानपुर में कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। इसी यहां पर पॉजिटिविटी रेट 4.90 प्रतिशत है। छिंदवाड़ा जिले में पॉजिटिविटी रेट 9.73 प्रतिशत रह गया है, जो पहले काफी अधिक था। देवास की पॉजिटिविटी रेट 6.91 प्रतिशत पर आ गया है।
भोपाल में हालात ज्यादा खराब, 6 गुना बढ़े संक्रमित
यहां लगातार दूसरे दिन इंदौर के मुकाबले ज्यादा मरीज सामने आए। 24 घंटे के अंदर 1669 नए केस आए और 6 की मौत हुई। हालांकि श्मशान घाटों पर 118 शव अस्पतालों से पहुंचे थे, जिनका कोरोना प्रोटोकॉल से अंतिम संस्कार किया गया। कोरोना की दूसरी लहर से भोपाल में हालात ज्यादा खराब हैं। सरकारी आंकड़ों में सिंतबर की तुलना में यहां मौतें कम दर्ज हैं, लेकिन संक्रमण की रफ्तार पहली लहर की तुलना में 6 गुना ज्यादा है। सितंबर के 15 दिनों में भोपाल में 2,788 संक्रमित मिले थे, लेकिन अप्रैल माह में अब तक 14,413 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं।
इंदौर में और बढ़ सकता है लॉकडाउन
यहां कोरोना की स्थिति जस की तस बनी हुई है। नए केस 1656 आए, जबकि 7 की जान गई है। एक्टिव केस 10 हजार से ज्यादा हैं। यहां अब तक कुल 87625 संक्रमित मिले हैं और 1040 मौतें हुई हैं। संक्रमण की स्थिति को देखते हुए 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है। जिले की क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में इस पर चर्चा हुई। सदस्यों के मुताबिक जनता की तरफ से यह फीडबैक आया है। अभी 19 अप्रैल तक लॉकडाउन लगा हुआ है।
ग्वालियर: एक दिन में मिले 1 हजार से ज्यादा संक्रमित
ग्वालियर में 24 घंटे में 4126 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई है, इनमें से 1029 नए संक्रमित निकले हैं। यह आंकड़ा अब तक का सबसे बड़ा है। 5 संक्रमितों की मौत हुई है। इसमें से 2 युवा थे, जिनकी उम्र 25 से 30 साल थी। एक्टिव केस बढ़कर 5130 हो गए हैं। शुक्रवार को 60 से ज्यादा स्थानों पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए हैं। अब तक 25 हजार संक्रमित मिल चुकेे हैं। लगातार बिगड़ती स्थिति के बाद कलेक्टर ग्वालियर ने सुबह जारी की गई शाम को दूध, सब्जी की छूट को रद्द कर दिया है। सुबह भी 10 बजे तक की छूट को घटाकर 9 बजे तक कर दिया है।
जबलपुर: एक्टिव केस 5 हजार पार, 430 बेड की और व्यवस्था
लॉकडाउन को एक सप्ताह होने जा रहे हैं, लेकिन कोरोना की रफ्तार बढ़ती ही जा रही है। 798 नए संक्रमित मिले हैं, 7 की मौत हुई है। 2812 सैंपल की जांच की गई थी। संक्रमण दर 28 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस 5102 हो गए हैं। प्रशासन के मुताबिक जिले में कुल बेडों की संख्या ही 2200 है। 3500 से अधिक लोग होम आइसोलेट हैं। रिकवरी रेट 82.41 प्रतिशत पर पहुंच गया है। 17 अप्रैल से 22 तक जिले के ग्रामीण कस्बों में भी लॉकडाउन लगाने का आदेश जारी किया है। अभी शहरी क्षेत्र में ही लॉकडाउन था। प्रशासन ने 430 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था के लिए चार स्थानों को चिन्हित किया है।