Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भिंड10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- मास्क न लगाने वालों से होती रही पुलिस जवानों की बहस, बनाए कई बहाने
- युवक बोला- 10 रुपए का मास्क 100 रुपए का क्यों दे रहे, जवाब मिला- रसीद सहित दे रहे
60 घंटे के लॉकडाउन के दौरान शनिवार को बाजार में मुख्य- मुख्य स्थलों पर पुलिस अधिकारी और जवानों द्वारा बगैर मास्क लगाए आवागमन करने वालों रोका- टोका गया। इस दौरान लोगों की अलग अलग प्रकार बहानेबाजी सामने आई। इस दौरान कई लोगों के चालान भी किए गए। लॉकडाउन के दौरान शहर में रोको- टोको अभियान के तहत दर्जन भर से अधिक स्थानों पर पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों की तैनाती रही।
यहां बता दें परेड चौराहा के चैकिंग प्वाइंट पर बाइक पर अपने बेटे के साथ गुजर रही अंगूरी देवी को पुलिस जवान द्वारा रोक कर कहा गया, अम्मा, मास्क क्यों नहीं लगाया, कोरोना हो जाएगा, तब वह बोली- मोय न है रऔ कोरोना, हम तो गेहूं काट कें आए रए। जब समझाया गया कि मुहं ढांकने में क्या बिगड़ रहा है, तब उन्होंने बेटे से रूमाल लिया और यह कहते हुए बांध लिया तुम लोग न मांत तो बांध लेत एं।
इसी प्रकार बगैर मास्क लगाए गुजर रहे एक युवक को मास्क के साथ 100 रुपए के चालान की रसीद थमाई गई तो वह बोला- मास्क तो बाजार में 10 रुपए मिल जाता है। आप 100 रुपए क्यों ले रहे हो। इस पर अधिकारी ने जबाव दिया कि यह इसलिए कि तुम मास्क नहीं लगाए हो और जब एक बार 100 रुपए लग जाएंगे तब अगली बार घर से निकलोगे तो मास्क जरूर लगाओगे।
इन स्थानों पर चलाया गया रोको- टोको अभियान: शहर में परेड चौराहा, गांधी मार्केट, माधौ गंज हाट, अवंती बाई चौराहा, सर्किट हाउस, इंदिरा गांधी चौराहा, अटेर रोड, चंदनपुरा, भारौली रोड, सुभाष तिराहा, बस स्टेंड, शास्त्री चौराहा, बेटी बचाओ चौराहा पर चैकिंग प्वाइंट बनाए गए थे। इन स्थानों पर बगैर किसी कामकाज के निकलने वालों को कान पकड़कर उठक बैठक भी लगवाई गई। इनमें से कुछ को खुली जेल की हवा खाने के लिए भी भिजवा दिया गया।
खुली जेल में पहुंचाए गए दर्जन भर लोग
बेवजह सड़कों पर घूमने निकले लोगों को खुली जेल की हवा भी खिलाई गई। ऐसे लोगों के लिए बुनियादी स्कूल में खुली जेल बनाई गई है। इसी प्रकार ऐसे लोग जो बाजार में किस कारण आए इस सवाल का जबाव संतोषप्रद नहीं दे सके उनकी बाइक की हवा भी निकाल दी गई। ऐसा शहर के प्रवेश की सीमा के साथ ही मुख्य बाजार के चैकिंग पाइंट पर किया गया।
टमटम को पकड़ा
पुलिस द्वारा ऐसे टमटम वालों को भी पकड़ा गया जो क्षमता से अधिक सवारियां बैठाए हुए थे। इनसे कहा गया बार बार की समझाइश के बाद भी मनमानी कर रहे हो। जब तक कार्रवाई नहीं होगी तब तक नहीं मान सकते। इन्हें तभी आगे बढ़ने दिया गया जब सवारियों की संख्या सीमित कर दी गई। इसके साथ ही हिदायत दी गई कि अगली बार ऐसी गड़बड़ मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।