सनराइजर्स हैदराबाद को मुंबई इंडियंस ने 13 रन से हरा दिया जो डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली टीम की सीजन में लगातार तीसरी हार है.
MI vs SRH : सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल के 14वें सीजन में लगातार तीसरी हार झेलनी पड़ी. हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर (David Warner) ने हार की वजह अपनी टीम की बल्लेबाजी में गहराई नहीं होना बताया. उन्होंने कहा कि यदि आप एक साझेदारी बनाते हैं और अंत में एक खिलाड़ी क्रीज पर टिका रहता है तो आप बहुत ही आसानी से लक्ष्य हासिल कर सकते हैं.
हैदराबाद टीम के लिए कप्तान डेविड वॉर्नर ने 36, जॉनी बेयरस्टो ने 43, विराट सिंह ने 11 और विजय शंकर ने 28 रन का योगदान दिया. मुंबई के पेसर ट्रेंट बोल्ट और राहुल चाहर ने 3-3 विकेट झटके जबकि क्रुणाल पंड्या और जसप्रीत बुमराह ने 1-1 विकेट लिया. मुंबई इंडियंस अब अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गई है. वहीं हैदराबाद लगातार तीसरी हार से सबसे निचले स्थान पर है.
इसे भी पढ़ें, मुंबई इंडियंस की दूसरी जीत, सनराइजर्स हैदराबाद की लगातार तीसरी हार
वॉर्नर ने मैच के बाद कहा, ‘मुझे नहीं पता कि इस हार को किस तरह लेना है. जाहिर है बेहद निराशाजनक है. इस मुकाबले में हम दो (वॉर्नर और जॉनी बेयरस्टो) सेट हो चुके थे लेकिन यह साबित होता है कि अगर आपकी बल्लेबाजी में गहराई नहीं है तो आप जीत नहीं सकते. यदि आप एक साझेदारी बनाते हैं और अंत में एक व्यक्ति टिका रहता है तो आप बहुत ही आसानी से लक्ष्य हासिल कर सकते हैं. हालांकि यह मेरा गेम-प्लान था. हार्दिक पंड्या ने शानदार फील्डिंग की लेकिन वह क्रिकेट का ही हिस्सा है.’उन्होंने कहा, ‘टीम के खिलाड़ियों को बीच में स्मार्ट क्रिकेट खेलने की जरूरत है, गेंदबाज शानदार रहे और यह विकेट पिछले विकेटों की तुलना में धीमा था. आप गलतियों से सीखते हैं और बल्लेबाजी में गहराई शीर्ष पर हमारी जिम्मेदारी है. गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया. हमें आगे बढ़ना है और चेहरों पर मुस्कान बनाए रखना है. हमें फिजियो से बात करनी है कि केन (विलियमसन) हमारी टीम में आ रहे हैं और बड़ी भूमिका निभाएंगे.’