Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
नगरीय क्षेत्रों में होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना के मरीजों को घर पर ही मेडिसिन किट उपलब्ध कराई जाएगी। यह काम स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों पर नगरीय निकायों के जोन एवं वार्ड के प्रभारी अफसर करेंगे। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव नीतेश व्यास ने सभी नगर निगम के आयुक्तों, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को यह व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की मॉनीटरिंग के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। छोटे निकायों में वार्ड प्रभारी या टीम की आवश्यकता न हो तो स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से कार्रवाई की जाए। मेडिसिन किट एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों की प्रतियां कलेक्टर द्वारा विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। कई जिलों में ऐसी स्थिति हो सकती है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा किट के स्थान पर मेडिसिन उपलब्ध कराई गई है तो उसे किट में परिवर्तित किया जाए। मेडिकल किट का निर्माण कलेक्टर के माध्यम से नियुक्त स्वास्थ्य विशेषज्ञ के मार्गदर्शन में किया जाए।
पीएस के निर्देश- यह भी करें अफसर
- यदि कोविड मरीज को स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिसिन किट उपलब्ध नहीं कराई गई है तो उन्हें तत्काल प्रभाव से यह उपलब्ध कराई जाए।
- प्रतिदिन होम आइसोलेशन में रहने वाले नए कोविड मरीजों के बारे में यह सुनिश्चित किया जाए कि वे स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।
- होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की जानकारी जिले में कलेक्टर द्वारा नियुक्त अधिकारी से सुबह 7 बजे प्राप्त करें।
- प्रत्येक निकाय में इस व्यवस्था के प्रभारी के नंबर का प्रचार प्रसार किया जाए, ताकि होम आइसोलेशन में रह रहे मरीज मेडिकल किट के लिए अधिकारियों से संपर्क कर सकें।
- कंट्रोल रूम में मेडिसिन एवं मेडिसिन किट की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। यदि दवाइयों की कमी हो तो तुरंत कलेक्टर की जानकारी में लाया जाए।