नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीजन के शुरुआती तीन मैचों में अभी तक गेंदबाजी नहीं की है. जिसके बाद लगातार ये सवाल उठ रहे हैं कि इंग्लैंड के खिलाफ खत्म हुई सीरीज में शानदार गेंदबाजी करने वाले हार्दिक ने अभी तक आईपीएल में गेंदबाजी क्यों नही की है. इस बात का खुलासा अब मुंबई के मुख्य कोच महेला जयवर्धने (Mahela Jayawardene) ने कर दिया है.
जयवर्धने ने किया खुलासा
जयवर्धने (Mahela Jayawardene) ने सोमवार को बताया कि इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे मैच में हार्दिक (Hardik Pandya) का कंधा मामूली रूप से चोटिल हो गया था, जिसके चलते वो इस सीजन में गेदबाजी नहीं कर पाए हैं. श्रीलंका के इस पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हम इस सत्र में उनकी गेंदबाजी देखने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे में शायद उन्हें मामूली चोट लगी थी, वह चोट से उबर रहे हैं.
जल्द गेंदबाजी करते दिख सकते हैं हार्दिक
उन्होंने हालांकि उम्मीद जताई है कि हार्दिक (Hardik Pandya) जल्द ही गेंदबाजी करेंगे. उन्होंने कहा, ‘हम उन्हें लेकर अभी कोई जोखिम नहीं लेना चाहते. हम यह सुनिश्चित करना चाहते है कि वह गेंदबाजी को लेकर सहज रहें. उम्मीद है अगले कुछ सप्ताह में वह गेंदबाजी करते हुए दिखेंगे. ऐसा नहीं है कि हम जानबूझ कर उनसे गेंदबाजी नहीं करा रहे हैं. जैसे ही वह चोट से उबर जाऐंगे और सहज महसूस करेंगे वह गेंदबाजी करते हुए दिखेंगे.’
हैदराबाद के खिलाफ किया था कमाल
27 साल के इस खिलाड़ी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ डेविड वार्नर और अब्दुल समद को रन आउट कर टीम में 13 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.
जयवर्धने (Mahela Jayawardene) ने कहा, ‘हम हार्दिक से बाउंड्री के पास फील्डिंग कराना चाहते हैं क्योंकि उनका थ्रो काफी तेज होता है और वह शानदार कैच पकड़ते हैं लेकिन कंधे की चोट के कारण हम उनसे 30 गज के घेरे में क्षेत्ररक्षण कराते हैं.’