- Hindi News
- Local
- Mp
- Jabalpur
- In Lieu Of Doing Business Of Cow Dung, Accused Father And Son Were Demanding Extortion Money Of One Thousand Rupees Per Truck, Threatened To Kill Them
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुरएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
धमकी से आहत युवक ने जहर खा लिया।
खाद, गोबर व कंडे का व्यापार करने वाले युवक से आपराधिक प्रवृत्ति के पिता-पुत्रों ने प्रति ट्रक एक हजार रुपए कमीशन देने को कहा। मना करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। ट्रक छोड़कर युवक ने किसी तरह जान बचाई, लेकिन इससे आहत होकर उसने जहर खा लिया। उसे विक्टोरिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मारपीट, धमकी व रंगदारी का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार नई बस्ती परियट निवासी सुग्रीव प्रसाद मिश्रा ने सोमवार को पनागर थाने में एफआईआर दर्ज कराई। बताया कि वह खाद, गोबर व कंडे का व्यापार करता है। उसके दोनों बेटे आशीष व संदीप उसका हाथ बंटाते हैं। 18 अप्रैल की शाम पांच बजे उसके ग्राहक का ट्रक उसके यहां खाद लेकर आया था।
परियट पेट्रोल पंप के सामने आरोपियों ने ट्रक रोका
परियट पेट्रोल पंप के सामने रोड पर कृष्ण कुमार यादव और उसका भाई गोविंदा यादव पहुंचे और ट्रक को रोक लिया। दोनों अपशब्द बोलते हुए धमकी देने लगे कि यदि धंधा करना है तो हर गाड़ी के एक हजार रुपए देने पड़ेंगे। नहीं तो गाड़ी नहीं जाएगी और न ही यहां रहने दिया जाएगा।
पिता से शिकायत की ,तो वह भी धमकाने लगा
सुग्रीव प्रसाद बेटे आशीष के साथ कृष्णा के पिता रूपलाल यादव से बताने पहुंचे। पर उलटे रूपलाल यादव पिता-पुत्र को धमकाने लगा। बोला कि उसके बेटों की बात मान लो, तभी तुम्हें धंधा करने देंगे। पैसे नहीं दिए तो जान से मार देंगे। कहासुनी में आरोपी पिता-पुत्रों ने सुग्रीव व उसके बेटे आशीष को मारने के लिए दौड़ाया। आशीष गाड़ी छोड़कर भाग गया। इसी टेंशन में सोमवार को उसने जहर खा लिया। उसे पहले पनागर अस्पताल और फिर वहां से विक्टोरिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी ने सीएसपी की अगुवाई में टीम गठित की
पनागर पुलिस ने मामले में तीनों आरोपी पिता-पुत्रों के खिलाफ धारा 294, 506, 384, 34 भादवि का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने सीएसपी अधारताल अशोक तिवारी की अगुवाई में एक टीम पनागर थाने की बनाई है। आरोपी पिता-पुत्र आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पूर्व में भी उनके खिलाफ इसी तरह के कई प्रकरण दर्ज हैं।