चेन्नई: चेन्नई सुपर किंग्स के धाकड़ ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मंगलवार को खेले गए आईपीएल मैच में बड़ा कारनामा करते हुए 4 कैच लेने के अलावा 2 विकेट भी झटके. रविंद्र जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन किया था.
धोनी का 8 साल पुराना ट्वीट वायरल
बाउंड्री पर फील्डिंग करते हुए रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) के 4 कैच लेने के बाद महेंद्र सिंह धोनी का 8 साल पुराना एक ट्वीट वायरल हो गया है. दरअसल, 9 अप्रैल 2013 को धोनी ने जडेजा को लेकर एक ट्वीट किया था. धोनी ने लिखा था, ‘सर जडेजा कैच लेने के लिए दौड़ते नहीं हैं, बल्कि गेंद उनको खुद ही मैदान में ढूंढ लेती है और उनके हाथों में आकर गिर जाती है.’
जडेजा ने लपके चार कैच
धोनी की ये बात राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में सच साबित हुई. रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने इस मैच में मनन वोहरा, रियान पराग, क्रिस मॉरिस और जयदेव उनादकट के कैच लपके. जयदेव उनादकट का कैच करने के बाद जडेजा ने अनोखे अंदाज में सेलिब्रेट किया.
जडेजा ने कैच करने के बाद हाथ से चार का इशारा किया
रवींद्र जडेजा का सेलिब्रेशन देखकर हर कोई रोमांचित हो उठा. रवींद्र जडेजा ने कैच करने के बाद हाथ से चार का इशारा किया, जो मैच में उनके चार कैच से जुड़ा था. इसके बाद रवींद्र जडेजा ने हाथ से ‘कॉल’ का भी एक्शन किया. सभी फैंस ने जडेजा के इस सेलिब्रेशन का मजा लिया.
A resounding victory for @ChennaiIPL against #RR by 45 runs.
4 fine catches and 2 wickets for @imjadeja #VIVOIPL pic.twitter.com/xMtP2v2elL
— IndianPremierLeague (@IPL) April 19, 2021
जडेजा ने की सचिन और वार्नर के रिकॉर्ड की बराबरी
बता दें कि जडेजा से पहले 6 खिलाड़ियों ने एक IPL मैच में सबसे ज्यादा 4 कैच लिए थे. 2008 में मुंबई इंडियंस के लिए सचिन तेंदुलकर ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 4 कैच लपके थे. सचिन के बाद डेविड वॉर्नर ने दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए 2010 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 4 कैच लपके थे. इसके अलावा जैक कालिस, राहुल तेवतिया, डेविड मिलर, फाफ डुप्लेसिस ने भी एक IPL मैच में 4-4 कैच लिए थे.