नई दिल्ली: विराट कोहली (Virat Kohli) मौजूदा समय में दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं. कोहली ने क्रिकेट में बल्लेबाजी के बड़े-बड़े रिकॉर्ड्स को अपने नाम किया है. लेकिन पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) भी धीरे-धीरे कई रिकॉर्ड्स के मामले में कोहली को भी पीछे छोड़ रहे हैं. अब जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरू होने वाली सीरीज में वो विराट के एक और रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं.
विराट का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते बाबर
बाबर आजम (Babar Azam) अब टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 2000 रन बनाने के मामले में भी विराट कोहली (Virat Kohli) को पीछे छोड़ सकते हैं. बाबर ने टी20 इंटरनेशनल में 51 मैचों की 49 पारियों में अब तक 1940 रन बनाए हैं. वो 2000 रन बनाने से सिर्फ 60 रन दूर हैं. इस दौरान उन्होंने एक शतक और 17 अर्धशतक लगाए हैं. वो जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी सीरीज में विराट के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं. विराट ने टी20 क्रिकेट में 56 पारियों में 2000 रन पूरे किए थे.
वनडे रैकिंग में भी टॉप पर पहुंचे बाबर
बाबर आजम (Babar Azam) ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने विराट कोहली (Virat Kohli) से उनकी वनडे रैंकिंग में नंबर एक की कुर्सी भी छीन ली थी. बाबर आजम अब 865 रेटिंग अंको के साथ वनडे रैंकिंग में टॉप पर हैं. वहीं 857 प्वांइट्स के साथ विराट दूसरे नंबर पर हैं. तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं जिनके नाम 825 अंक हैं.
शानदार फॉर्म में है पाकिस्तान
पाकिस्तान की टीम इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में है. उन्होंने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका को उसी के घर में टी20 सीरीज में 3-1 से मात दी. पाकिस्तान का टी20 में रिकॉर्ड भी शानदार रहा है. ये टीम 100 से ज्यादा टी20 मैच जीतने वाली दुनिया की अकेली टीम है. इतना ही नहीं जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान की टीम ने अब तक 14 मैच खेले हैं जिनमें से वो एक भी मैच नहीं हारी है.