IPL 2021: हैदराबाद के बाएं हाथ के स्पिनर अभिषेक शर्मा ने दो विकेट लिए. (PTI)
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को आईपीएल 2021 (IPL 2021) की पहली जीत मिल गई है. टीम ने पंजाब किंग्स (Punjab Kings) को 9 विकेट से हराया. इसके पहले टीम को तीन मैच में हार मिली थी. दूसरी ओर पंजाब की यह लगातार तीसरी हार है.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी रही. कप्तान डेविड वॉर्नर (37) और जॉनी बेयरस्टो (63*) ने पहले विकेट के लिए 10.1 ओवर में 73 रन जोड़े. वॉर्नर को सीजन का पहला मैच खेले रहे बाएं हाथ के स्पिनर फैबियन एलन ने आउट किया. हालांकि हैदराबाद के बल्लेबाज भी खुलकर नहीं खेल सके. बेयरस्टो और पहला मैच खेल रहे केन विलियम्सन (16*) ने 48 रन की नाबाद साझेदारी करके टीम की जीत पक्की कर दी. हैदराबाद की यह चेन्नई में पहली जीत है. इससे पहले खेले सभी 6 मैच में उसे हार मिली थी.
तेज गेंदबाज खलील अहमद ने तीन विकेट झटके
इससे पहले पंजाब किंग्स की टीम 19.4 ओवर में 120 रन पर आउट हो गई. अभिषेक शर्मा (24 रन पर दो विकेट) और राशिद खान (17 रन पर एक विकेट) की फिरकी गेंदबाजी का पंजाब के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने भी 21 रन देकर तीन विकेट चटकाए. मयंक अग्रवाल (22), शाहरुख खान (22) और क्रिस गेल (15) अच्छी शुरुआत के बाद बड़ी पारी नहीं खेल सके. पहले ओवर में ही अभिषेक शर्मा की गेंद पर राशिद खान ने मयंक अग्रवाल का कैच टपका दिया. उन्होंने तीसरे ओवर में खलील अहमद की गेंद पर चौका लगाया, लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने अगले ओवर में राहुल (4) को चलता कर दिया.यह भी पढ़ें: IPL 2021: केएल राहुल के टी20 में बतौर भारतीय सबसे तेज 5 हजार रन पूरे, कोहली और राेहित पीछे छूटे
6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके
पावरप्ले में पंजाब की टीम एक विकेट पर महज 32 रन बना सकी. 7वें ओवर में क्रिस गेल ने खलील की गेंद पर चौका जड़ा, लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर राशिद ने मयंक का शानदार कैच पकड़ा. अगले ओवर की पहली गेंद वाॅर्नर ने निकोलस पूरन को स्ट्राइक मिलने से पहले ही सीधे विकेट पर किए थ्रो से रन आउट किया. राशिद खान ने गेल को आउट किया. पंजाब की टीम शुरुआती 10 ओवरों में चार विकेट पर 53 रन ही बना सकी थी. दीपक हुड्डा (13) ने राशिद के खिलाफ रिवर्स स्वीप पर चौका लगाया, लेकिन 12वें ओवर में अभिषेक की गेंद पर आउट हो गए. पंजाब के 6 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सके. शाहरुख ने 22 रन बनाकर स्कोर को 100 के पार पहुंचाया.