जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स पैट कमिंस नाबाद 66 रन (34 गेंद, चार चौके, छह छक्के), आंद्रे रसेल की 54 रन (22 गेंद, तीन चौके और छह छक्के) की ताबड़तोड़ और दिनेश कार्तिक (40 रन, 24 गेंद, चार चौके, दो छक्के) की संयमित पारी के बावजूद खराब शुरुआत से नहीं उबर सकी और 19.1 ओवर में 202 रन पर सिमट गयी. इस रोमांचक मैच में उसे लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा. पर उसके खिलाड़ियों ने इतनी खराब शुरुआत के बावजूद हौसले पस्त नहीं होने दिए और वे अंत तक जोर आजमाइश करते रहे.
लुंगी एनगिडी ने झटके 3 विकेट
दीपक चाहर के चार विकेट के अलावा लुंगी एनगिडी ने 28 रन देकर तीन विकेट झटके. शार्दुल ठाकुर की गेंदबाजी काफी खराब रही जिन्होंने 3.1 ओवर में 48 रन लुटाए, जिसमें पांच गेंद वाइड रहीं. रसेल के रूप में एकमात्र विकेट हासिल करने वाले सैम करन भी काफी खर्चीले रहे, उन्होंने चार ओवर में 58 रन लुटाए.RCB vs RR, IPL 2021: मुंबई में पहले मैच के लिए ‘विराट सेना’ कर रही तैयारी, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड
फाफ डुप्लेसी ने शुरू की पारी और अंत तक डटे रहे
बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर डुप्लेसी ने पारी शुरू की और अंत तक डटे रहे. इस सलामी बल्लेबाज ने 60 गेंद खेलीं जिसमें नौ चौके और चार छक्के शामिल थे. उन्होंने और रुतुराज गायकवाड़ ने पहले विकेट के लिए 115 रन की भागीदारी निभायी जिससे यह टीम के लिए सत्र की शानदार शुरूआत भी रही जिसने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाये 54 रन बनाये. साथ ही टीम ने अंतिम पांच ओवर में 76 रन जोड़े. पिछले तीन मैचों में महज 20 रन बनाने वाले गायकवाड़ ने आखिरकार फॉर्म में वापसी की, उन्होंने 13वें ओवर में आउट होने से पहले 42 गेंद का सामना करते हुए 64 रन बनाये जिसमें छह चौके और चार छक्के जड़े थे.
दीपक चाहर ने लगातार चार झटके दिए
इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को चाहर ने लगातार चार झटके दे दिए, जिससे टीम के उबरने की उम्मीद नहीं थी. पावरप्ले तक टीम के पांच बल्लेबाज क्रीज पर पहुंच चुके थे. चाहर ने पहले ही ओवर में टीम के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को आउट किया जो खाता भी नहीं खोल सके. इसके बाद दूसरे सलामी बल्लेबाज नीतिश राणा (09) 12 गेंद खेलने के बाद उनका दूसरा शिकार बने. टीम के पहले मैच में चाहर की गेंदबाजी अच्छी नहीं रही थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर किसी प्रशंसक ने चेन्नई सुपर किंग्स को उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की सलाह दे डाली. इससे आहत चाहर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार वापसी की और 13 रन देकर चार विकेट हासिल किए थे.
दीपक चाहर ने 4 ओवर में दिए 16 रन
दीपक चाहर ने अपने तीसरे ओवर में कप्तान ऑयन मोर्गन (07) और सुनील नरेन (04) के विकेट झटककर कोलकाता नाइट राइडर्स की उम्मीदों को करारा झटका दिया. उन्होंने तीन ओवर में 16 रन देकर चार विकेट प्राप्त कर लिए थे. पावरप्ले ओवर में पांचवां विकेट राहुल त्रिपाठी के रूप में गिरा, जिन्हें एनगिडी ने विकेटकीपर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच आउट कराया.
IPL 2021: पैट कमिंस ने एक मैच में दो अर्धशतक लगाया! एक ओवर में 4 छक्के का रिकॉर्ड भी बनाया
आंद्रे रसेल ने जड़ा अर्धशतक
रसेल और कार्तिक ने संयम से खेलते हुए पारी संभाली. कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए चुनौती पेश करने की शुरुआत रसेल ने की, जिन्होंने शार्दुल ठाकुर के पहले ओवर और पारी के 10वें ओवर में तीन छक्के और एक चौके से कुल 24 रन जुटाये जिसमें दो गेंद वाइड रहीं. इस समय कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोर पांच विकेट पर 97 रन था जो खराब शुरूआत को देखते हुए अच्छा था. आंद्रे रसेल ने 11वें ओवर में 21 गेंद में तीन चौके और छह छक्के से अपना अर्धशतक पूरा किया. टीम की निगाहें उनकी ताबड़तोड़ पारी पर टिकीं थीं, पर ऐसा नहीं हो सका. सैम करन ने अगले ओवर में रसेल को बोल्ड कर चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ी सफलता दिलाई. इस तरह छठे विकेट के लिए 39 गेंद में 81 रन की साझेदारी का अंत हुआ. कार्तिक ने हालांकि रन गति को बरकरार रखने की कोशिश में इसी ओवर की अंतिम गेंदों पर एक छक्का और एक चौका लगाया.
पैट कमिंस ने करन को जड़े 4 छक्के और 1 चौका
लुंगी एनगिडी ने कार्तिक की पारी आगे नहीं बढ़ने दी और उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया. उनके पवेलियन लौटते ही पैट कमिंस आक्रामक हो गए, उन्हें 16वें ओवर में सैम करन की गेंदों को धुनते हुए चार छक्के और एक चौके से 30 रन जोड़े. कमिंस अंत तक क्रीज पर जमे रहे, लेकिन दूसरे छोर पर विकेट गिरने से टीम पांच गेंद पहले ही सिमट गई.
गायकवाड़ ने निभाया डुप्लेसी का साथ
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पहले विकेट की भागीदारी में गायकवाड़ आक्रामक रहे. उनके आउट होने के बाद डुप्लेसी ने तेजी पकड़ी, उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पिछले मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले ऑल राउंडर मोईन अली के साथ मिलकर महज 26 गेंद में 50 रन जोड़ दिए. अली ने 12 गेंद में दो चौके और इतने ही छक्के लगाकर 25 रन बनाए. चेन्नई सुपर किंग्स ने अंत में काफी रन जुटाए, जिसमें डुप्लेसी की भूमिका अहम रही. उन्होंने आंद्रे रसेल की गेंदों पर लगातार तीन चौके लगाए और पैट कमिंस पर एक छक्के से 90 रन के स्कोर तक तक पहुंचे.
रविंद्र जडेजा ने अंतिम गेंद पर जड़ा छक्का
अंतिम गेंद पर रविंद्र जडेजा ने कमिंस पर एक छक्का जड़ा. कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चौथे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, उन्होंने आठ गेंद में दो चौके और एक छक्के से 17 रन का योगदान दिया. सुनील नारायण के खिलाफ धोनी अभी तक बाउंड्री नहीं लगा सके थे, लेकिन उन्होंने इस मिथक को तोड़ते हुए उन पर चौका जड़ ही दिया.