नई दिल्ली: पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे (PAK vs ZIM) को हरारे में खेले गए तीन मैच की सीरीज के पहले टी20 में 11 रनों से मात दी. इसी के साथ पाकिस्तान ने इस सीरीज में अब 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. लेकिन इस मैच में जिम्बाब्वे के स्पिन गेंदबाज वेस्ले मधवेरे (Wesley Madhevere) की एक गेंद की चर्चा सब जगह की जा रही है.
मधवेरे ने फेंकी रहस्यमयी गेंद
पाकिस्तान के खिलाफ जिम्बाब्वे के स्पिनर वेस्ले मधवेरे (Wesley Madhevere) ने एक रहस्यमयी गेंद फेंकी. दरअसल पाकिस्तान की पारी का छठा ओवर मधवेरे फेंकने के लिए आए. इस ओवर की दूसरी गेंद पर पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज फखर जमां (Fakhar Zaman) क्रीज पर थे. मधवेरे ने एक स्पिन गेंद फेंकी और फखर उस पर शॉट मारने की कोशिश में बोल्ड हो गए. मधवेरे की इस गेंद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
हैरान रह गए फखर
मधवेरे (Wesley Madhevere) की इस गेंद पर फखर (Fakhar Zaman) आउट होकर एकदम हैरान दिखे थे. मधवेरे की ये गेंद इतनी शानदार थी कि फखर पिच पर खड़े होकर उसे देखने लगे. इतना ही नहीं पवेलियन लौटने से पहले भी फखर काफी समय तक वहीं खड़े रहे और पिच को ही देखते रहे. ऐसा लग रहा था मानो फखर को भरोसा ही नहीं हुआ हो कि वो आउट भी हो गए हैं.
Yessir !!! Wesley Madhevere gets rid of Fakhar Zaman @ZimCricketv #ZIMvPAK pic.twitter.com/JTlMIj4z8A
— Kudakwashe (@kudaville) April 21, 2021
पाकिस्तान ने जीता मैच
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 149 रन बनाए थे. पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान ने नाबाद 82 रनों की पारी खेली. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 7 विकेट खोकर 138 रन ही बना पाई और 11 रन से ये मैच हार गई.