RCB के कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 47 गेंद पर नाबाद 72 रन की पारी खेली. ( IPL Instagram)
आईपीएल 2021(IPL 2021) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर(RCB) ने गुरुवार को राजस्थान रॉयल्स(RR) के खिलाफ 10 विकेट से जीत दर्ज की. इस मैच में आरसीबी के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने नाबाद 72 रन की पारी खेली. इस सीजन में अपना पहला अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने अनूठे अंदाज में जश्न मनाया और बेटी वामिका (Vamika) के नाम ये फिफ्टी समर्पित की.
आईपीएल के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से विराट का वीडियो शेयर किया गया है. इसमें वो अर्धशतक के बाद डग आउट और स्टेडियम में बैठे आरसीबी के फैंस की तरफ अपना बल्ला दिखाते हैं और अपना ये अर्धशतक बेटी वामिका के नाम करते हैं. आरसीबी मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों के साथ परिवार के सदस्यों को रहने की अनुमति दी है. इसी वजह से पत्नी अनुष्का और बेटी वामिका इस सीजन में लगातार कोहली के साथ नजर आ रहे हैं. पिछले साल यूएई में हुई लीग के दौरान भी अनुष्का वहां गईं थीं.
RCB अंक तालिका में पहले नंबर पर पहुंचीं
विराट इसी साल जनवरी में पिता बने थे. इसी कारण से वो ऑस्ट्रेलिया दौरा छोड़कर भारत लौट आए थे. इस बीच, आरसीबी आईपीएल 2021 की अंक तालिका में पहले स्थान पर आ गई है. टीम के अब चार मैच से 8 अंक हैं. आरसीबी इस सीजन की इकलौती टीम है, जो एक भी मैच नहीं हारी है. आरसीबी ने पहले मैच में मुंबई इंडियंस, दूसरे में सनराइजर्स हैदराबाद, तीसरे में कोलकाता नाइट राइडर्स और गुरुवार को हुए चौथे मैच में राजस्थान रॉयल्स को शिकस्त दी.
चौथे मैच में आरसीबी को राजस्थान ने जीत के लिए 178 रन का लक्ष्य दिया था. इसे आरसीबी ने बिना विकेट खोए 21 गेंद पहले ही पूरा कर लिया. आरसीबी के लिए देवदत्त पडिक्कल ने नाबाद 101 रन और कप्तान कोहली ने नाबाद 72 रन की पारी खेली. पडिक्कल ने अपने 18वें आईपीएल मैच में पहला शतक लगाया.
आरसीबी को अब मुंबई में सिर्फ एक और मैच खेलना है. इसके बाद टीम तीसरे लेग के लिए अहमदबाद जाएगी. अहमदाबाद में चार मैच खेलने के बाद टीम आगे के पांच मुकाबले कोलकाता में खेलेगी.