IPL 2021: Devdutt Padikkal ने तूफानी शतक जड़ रचा इतिहास, Sanju Samson को छोड़ा पीछे; बनाए ये रिकॉर्ड्स

IPL 2021: Devdutt Padikkal ने तूफानी शतक जड़ रचा इतिहास, Sanju Samson को छोड़ा पीछे; बनाए ये रिकॉर्ड्स


नई दिल्ली: आईपीएल 2021 (IPL 2021) के 16 वें मुकाबले में आरसीबी और राजस्थान (RCB vs RR) के बीच हुए घमासान में विराट कोहली (Virat Kohli) की सेना ने 10 विकेट से शानदार फतह हासिल की. 

देवदत्त पडिक्कल ने रचा इतिहास

बैंगलोर के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में धमाकेदार शतक ठोककर इतिहास रच दिया. 20 साल के इस खिलाड़ी ने जोरदार बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रनों की जबर्दस्त पारी खेली. इस पारी के दौरान पडिक्कल ने कई खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.

पडिक्कल के नाम दर्ज हुआ ये खास रिकॉर्ड

देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) ने राजस्थान के खिलाफ शतक जड़ते ही कई खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया. पडिक्कल ने 20 साल  298 दिन की उम्र में ये कमाल किया. इस लिस्ट में उनके आगे सिर्फ मनीष पांडे और ऋषभ पंत ही हैं. मनीष ने 19 साल 253 दिन और ऋषभ ने 20 साल 218 दिन की उम्र में अपना पहला आईपीएल शतक जड़ा था. जबकि उन्होंने संजू सैमसन को पीछे छोड़ दिया है. सैमसन ने 22 साल की उम्र में शतक जड़ा था. 

 

इसके अलावा वह सिर्फ चौथे खिलाड़ी है, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने से पहले आईपीएल में शतक जड़ा है. सबसे पहले शॉन मार्श, मनीष पांडे और पॉल वॉल्थाटी ने आईपीएल में यह कारनामा किया है. 

विराट-पडिक्कल की शानदार साझेदारी

राजस्थान के खिलाफ 178 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी (RCB) के ओपनर्स विराट कोहली (Virat Kohli) और देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) के बीच 181 रन की नाबाद पार्टनरशिप हुई. विराट ने 72* और पडिक्कल ने 101* रन बनाए.





Source link