गौतम गंभीर जरूरतमंदों को ऑक्सीजन सिलेंडर और दवाईयां पहुंचाने के काम कर रहे हैं. (Gautam Gambhir Twitter)
दिल्ली में कोरोनावायरस के कारण हालात बेकाबू हो चुके हैं. ऑक्सीजन की भारी किल्लत हो रही है. ऐसे में पूर्व क्रिकेटर और सांसद गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) जरूरतमंदों तक ऑक्सीजन, दवाईयों को पहुंचाने के काम में जी-जान से जुटे हैं. उनके इस काम की आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने तारीफ की है.
आकाश ने खुलासा किया कि उन्होंने बीते कुछ दिनों में जरूरतमंदों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था को लेकर कई बार गंभीर को फोन लगाया. कई मौकों पर तो देर रात में भी उन्हें फोन किया. लेकिन हर बार ऑक्सीजन की व्यवस्था करवाई. वो अब भारत के लिए क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं, लेकिन वो अभी भी देश के लिए बल्लेबाजी कर रहे हैं. अच्छे काम की बधाई भाई. आकाश के ट्वीट के जबाव में गंभीर ने लिखा कि इस लड़ाई में हम एकजुट हैं..जय हिंद. जल्द ही आकाश का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस गंभीर की इस नेक कोशिश की खुले दिल से तारीफ करने लगे.
We are in this together! Jai Hind🇮🇳 https://t.co/mfqlGGS4qg
— Gautam Gambhir (@GautamGambhir) April 25, 2021
दिल्ली इस समय कोरोना संकट से जूझ रहा है. मरीजों को अस्पतालों में बेड मिलने में दिक्कत हो रही है. ऑक्सीजन का संकट गहरा है. इस सबके बीच, गंभीर का फाउंडेशन जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने की हर मुमकिन कोशिश कर रहा है. खासतौर पर लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर और दवाईयां पहुंचाई जा रही हैं.खुद गंभीर ने भी कह चुके हैं कि दिल्ली मेरा घर है और मैं अपनी आखिरी सांस तक यहां के लोगों की मदद के लिए कोशिश करता रहूंगा. हमारे पास बेड, ऑक्सीजन और दवाईयों को लेकर लोग लगातार मदद मांग रहे हैं. हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक मदद पहुंचाए. ये वाकई मुश्किल समय है और इस समय छोटी सी छोटी मदद भी उम्मीद की किरण की तरह काम करेगी.