Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मप्र हाईकोर्ट में सोमवार 26 अप्रैल को सुबह 9 से 10.15 बजे तक प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी को लेकर सुनवाई की जाएगी। चीफ जस्टिस मोहम्मद रफीक और जस्टिस अतुल श्रीधरन की स्पेशल बैंच तीन आवेदनों की सुनवाई करेगी।
ऑक्सीजन की कमी से हो रहीं मौतें
मप्र हाईकोर्ट द्वारा कोरोना के इलाज पर स्वत: संज्ञान में लेकर जनहित याचिका की सुनवाई की जा रही है। इस मामले में कोर्ट मित्र वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ की ओर से आवेदन दायर कर कहा गया है कि ऑक्सीजन की कमी से शहडोल, जबलपुर, ग्वालियर, इंदौर सहित प्रदेश के कई इलाकों में अस्पताल में भर्ती मरीजों की मौत हो चुकी है। आवेदन में कहा गया है कि कोरोना की दूसरी लहर का पीक मई के पहले सप्ताह में आने की संभावना है। इसके लिए अभी से पर्याप्त इंतजाम किए जाएँ।
हाईकोर्ट के आदेश का नहीं हो रहा पालन
इंदौर के वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद मोहन माथुर की ओर से दायर आवेदन में कहा गया है कि हाईकोर्ट ने 19 अप्रैल को आदेश जारी कर ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा था, लेकिन ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं की जा रही है। आवेदन में अनुरोध किया गया है कि ऑक्सीजन और रेमडेसिविर की आपूर्ति की माॅनीटरिंग हाईकोर्ट द्वारा की जाए। इसके साथ ही कोरोना महामारी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की माँग की है।
सागर आ रहे ऑक्सीजन टैंकर को भेज दिया झांसी
हाईकोर्ट एडवोकेट बार एसोसिएशन जबलपुर की ओर से आवेदन दायर कर कहा गया है कि बोकारो से एक ऑक्सीजन टैंकर सागर भेजा गया था, लेकिन बीच रास्ते से उस ऑक्सीजन टैंकर को झांसी भेज दिया गया।आवेदन में कहा गया है कि सागर में ऑक्सीजन की कमी से मरीजों की मौत हो रही है। इस मामले में हाईकोर्ट से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया है।
ऑक्सीजन एक्सप्रेस की योजना तैयार
भारतीय रेल की पहल पर कोविड संक्रमण से संक्रमित मरीजों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाई जा रही है। भारतीय रेलवे द्वारा मध्य प्रदेश में ऑक्सीजन एक्सप्रेस को बोकारो स्टेशन से 06 टैंकरों को लोड कर उसे मण्डीदीप (भोपाल) तक ले जाने की योजना बनाई गई है।
इन टैंकरों के अनलोड होने के बाद ऑक्सीजन एक्सप्रेस को वापस बोकारो भेजा जाएगा। रेल के द्वारा अब तक ऑक्सीजन एक्सप्रेस के 10 टैंकरों से 150 मीट्रिक टन ऑक्सीजन पहुँचाई गई है। अभी तक वैज़ाग से नागपुर और नासिक तथा लखनऊ से बोकारो के लिए ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाई गई।