निरीक्षण: अस्पतालों में कैसे हो रही ऑक्सीजन की ज्यादा खपत,शिकायत पर प्रशासन की टीम ने की 4 निजी अस्पतालों की जाँच

निरीक्षण: अस्पतालों में कैसे हो रही ऑक्सीजन की ज्यादा खपत,शिकायत पर प्रशासन की टीम ने की 4 निजी अस्पतालों की जाँच


  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Jabalpur
  • How The Oxygen Consumption In Hospitals Is High, The Administration Team Investigated 4 Private Hospitals On The Complaint

Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

जबलपुर9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल्स की लगातार शिकायतें सामने आ रहीं  हैं।

  • सिलेण्डरों के संबंध में ली जानकारी, दिए निर्देश

कोरोना संक्रमण काल में शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल्स की लगातार शिकायतें सामने आ रहीं हैं। ऐसा ही कुछ मंगलवार को भी हुआ, तब जिला प्रशासन को 4 निजी अस्पतालों द्वारा जरूरत से ज्यादा ऑक्सीजन सिलेण्डर खर्च होने की जानकारी मिली। इसके बाद 2 सदस्यीय जाँच टीम ने दिनभर इन हॉस्पिटल्स का निरीक्षण कर प्रबंधनों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

4 प्राइवेट हॉस्पिटल्स पहुँची टीम-प्राइवेट हॉस्पिटल्स के नोडल अधिकारी डॉ. संजय छत्तानी के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम ज्वॉइंट कलेक्टर अनुराग तिवारी द्वारा जानकारी देने पर शैल्बी हॉस्पिटल, स्वास्तिक अस्पताल, गैलेक्सी हॉस्पिटल एवं सिद्धि विनायक अस्पताल पहुँची। उनके अनुसार कुछ दिनों से शिकायतें मिल रहीं थीं कि उक्त चारों चिकित्सालयों में मरीजों के अनुपात में अधिक ऑक्सीजन की खपत हो रही है। इसी कड़ी में इन अस्पतालों का जायजा लेकर मरीजों की संख्या के अनुसार ऑक्सीजन सिलेण्डरों की संख्या तय की गई।

निर्देश भी किए जारी– टीम ने जाँच में पाया कि गैलेक्सी एवं सिद्धि विनायक अस्पताल नए मरीजों को दाखिल नहीं कर रहे हैं। इस स्थिति में वहाँ ऑक्सीजन की मात्रा कम लगनी चाहिए, तो वहीं स्वास्तिक हॉस्पिटल में जहाँ पहले 130 सिलेण्डर लगते थे, तो वहीं अब 225 सिलेण्डरों की खपत हो रही है।

ऐसा इसलिए पाया गया क्योंकि उनके पास ऑक्सीजन प्लांट एवं कंसन्ट्रेटर नहीं हैं। टीम के पहुँचने के बाद यहाँ 10 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर तथा एएसयू ऑक्सीजन प्लांट की तैयारी करने संबंधी जानकारी दी गई। इसके अलावा शैल्बी हॉस्पिटल में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी संबंधी जानकारी देते हुए अगले कुछ दिनों में ऑर्डर होकर प्रशासन को सूचित करने का आश्वासन भी दिया गया।

इस दौरान जाँच टीम ने कोविड-19 से जूझ रहे प्रत्येक मरीज को समुचित उपचार देने और उनके परिजनों से भी संयमित व्यवहार करने के निर्देश जारी किए।

टैंकर से कल आएगी 6 हजार 721 लीटर ऑक्सीजन

जबलपुर| पशु पालन विभाग के चार टैंकर उड़ीसा के अंगुल स्थित रिफाइनरी से ऑक्सीजन लेकर प्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं। जिनमें से एक टैंकर गुरुवार की सुबह 5 बजे जबलपुर पहुँचेगा। इस टैंकर में 6721.47 लीटर ऑक्सीजन शहर को मिलेगी। इस टैंकर से तरल मेडिकल ऑक्सीजन सप्लाई गंभीर मरीजों के जीवन रक्षा में काफी सहायक होगी।

रेमडेसिविर लेकर आओ तभी करेंगे एडमिट, एसडीएम ने की जाँच

कार्यालय प्रतिनिधि, जबलपुर। कई अस्पतालों की शिकायतें मिलने के बाद एसडीएम और तहसीलदार की टीम ने मंगलवार को आधा दर्जन से ज्यादा अस्पतालों की जाँच की। विजय नगर क्षेत्र में 10 बेड का अस्पताल अपार्टमेंट में चलने की शिकायत मिली थी।

एसडीएम आशीष पांडे जब यहाँ पहुँचे तो अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि उनके पास इसकी परमीशन है। वहीं मरीजों के परिजनों ने बताया कि यहाँ एडमिट करने लिये पहले रेमडेसिविर इंजेक्शन लाना पड़ता है तभी भर्ती किया जाता है। एसडीएम ने हिदायत दी कि हर मरीज के लिये नियम तय न करें।

एसडीएम ने कहा कि बुधवार से अब अस्पतालों में यह भी देखा जायेगा कि पिछले पाँच दिनों में कितने मरीज भर्ती हुए हैं और उन्हें कितने रेमडेसिविर के इंजेक्शन लगे हैं। जाँच के दौरान तहसीलदार अधारताल राजेश सिंह और अतिरिक्त तहसीलदार दिलीप चौरसिया भी माैजूद रहे। टीम ने सेंट्रल किडनी इंडिया, आदित्य, आशीष, गैलेक्सी, बाॅम्बे, नेशनल अस्पताल सहित कुछ अन्य हॉस्पिटल की जाँच की।

खबरें और भी हैं…



Source link