नई दिल्ली: आईपीएल 2021 (IPL 2021) के 22वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने दिल्ली कैपिटल्स (RCB vs DC) को एक बहुत ही रोमांचक मैच में 1 रन से मात दी. इस टूर्नामेंट में गजब की गेंदबाजी कर रहे हर्षल पटेल (Harshal Patel) ने इस मैच में 2 विकेट झटके. हर्षल ने इसी के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
14 साल में पहली बार हुआ ऐसा
आरसीबी के लिए इस सीजन में सबसे बड़े स्टार साबित हो रहे हर्षल पटेल (Harshal Patel) ने अब एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस आईपीएल सीजन में हर्षल के नाम 6 मैचों में 17 विकेट हो गए हैं. आईपीएल के इतिहास में पहले 6 मैचों मे इतने विकेट अब तक कोई भी हासिल नहीं कर पाया है.
हर्षल (Harshal Patel) से पहले लसिथ मलिंगा, जेम्स फॉकनर और कगिसो रबाड़ा एक सीजन में पहले 6 मैचों में 16 विकेट ले चुके हैं. लेकिन आज तक किसी भी गेंदबाज ने पहले 6 मैचों में 17 विकेट नहीं झटके हैं. इतना ही नहीं आईपीएल 2021 के शुरू से ही हर्षल के पास इस सीजन की पर्पल कैप भी है.
दिल्ली से निकलते ही बदली किस्मत
दिल्ली कैपिटल्स ने हर्षल पटेल (Harshal Patel) को 20 लाख में अपनी टीम में शामिल किया था. लेकिन इस साल के आईपीएल के शुरू होने से पहले ही आरसीबी ने उन्हें अपनी टीम में ट्रेड कर लिया था. आरसीबी में आते ही हर्षल का प्रदर्शन कमाल का रहा है.
कमाल की फॉर्म में आरसीबी
आरसीबी (RCB) इस साल कमाल की फॉर्म में है. इस साल आरसीबी ने कुल 6 मैच खेले हैं जिनमें से उन्होंने 5 में जीत हासिल की है. आरसीबी 10 अंकों के साथ टेबल में टॉप पर है.