अहमदाबाद: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हाथों बुधवार को खेले गए आईपीएल मुकाबले में 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की छह मैचों में यह पांचवीं हार है और टीम दो अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे है. इस मैच में कुछ ऐसा हुआ, जिससे सनराइजर्स हैदराबाद को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा.
डेविड वॉर्नर का ये फैसला टीम को ले डूबा
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की हार का सबसे बड़ा कारण कप्तान डेविड वॉर्नर की धीमी बल्लेबाजी रही. डेविड वॉर्नर ने 55 गेंदों पर 57 रन बनाए. इसके अलावा हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जो टीम के लिए एक गलत फैसला साबित हुआ है.
विलियमसन को मनीष पांडे से पहले नहीं भेजा
मैच के ओस को देखते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान डेविड वॉर्नर का पहले बल्लेबाजी करने का फैसला हैरानी भरा था. मैच में केन विलियमसन को आखिरी के ओवरों में बल्लेबाजी करने के लिए लाना भी टीम के लिए भारी पड़ा, जबकि केन विलियमसन को मनीष पांडे की जगह नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजना चाहिए था.
सुपर किंग्स की लगातार पांचवीं जीत
चेन्नई सुपर किंग्स ने ऋतुराज गायकवाड़ (75) और फॉफ डुप्लेसिस (56) के अर्धशतकों की मदद से बुधवार को खेले गए आईपीएल मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया. हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 171 रनों का स्कोर बनाया, जिसे चेन्नई ने 18.3 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया. चेन्नई सुपर किंग्स की छह मैचों में यह लगातार पांचवीं जीत है और अब वह 10 अंकों के साथ फिर से प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. हैदराबाद की छह मैचों में यह पांचवीं हार है और टीम दो अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे है.