वैक्सीनेशन के लिए आने लगी जागरूकता: स्वेच्छा से आगे आए लोग, टारगेट 2430 काे टीका लगाने का था, 2889 को लगे

वैक्सीनेशन के लिए आने लगी जागरूकता: स्वेच्छा से आगे आए लोग, टारगेट 2430 काे टीका लगाने का था, 2889 को लगे


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

उज्जैन9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

वैक्सीनेशन के लिए अब जनता जागरूकता का परिचय देने लगी है। वैक्सीनेशन के लिए अब लोग स्वेच्छा से आगे आ रहे हैं। इसका उदाहरण शनिवार को देखने को मिला। इस दिन जिले के 13 वैक्सीनेशन सेंटरों पर 2430 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था, लेकिन कुछ सेंटरों पर ज्यादा लोग पहुंच गए। ऐसे में टीकाकरण अधिकारी ने तत्काल इन सेंटरों पर वैक्सीन उपलब्ध करवाई। नतीजतन 2889 लोगों को टीके लगाए गए। इधर रविवार को जिले में केवल एक ही आगर रोड स्थित बीएससी नर्सिंग कॉलेज सुदामा नगर के सेंटर पर ही 45 वर्ष व इससे अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाया जाएगा।

जीवाजीगंज सिविल अस्पताल में व्यवस्थाएं बेहतर
यहां वैक्सीनेशन के लिए खासी भीड़ थी तो उस हिसाब से व्यवस्था भी नजर आई। लोगों के बैठने के लिए टेबल और छांव के लिए टेंट की व्यवस्था दिखी। पूछने पर जवाब मिला कि विधायक पारस जैन और नवीन आर्य की तरफ से ये व्यवस्था की गई है। छांव में बैठकर लोग टीका लगवाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

बीएससी नर्सिंग कॉलेज में 440 लोगों को टीके लगे
टीका लगवाने के लिए लोगों की आवाजाही जारी थी। अलग-अलग कक्ष में टीके लगाए जा रहे थे। यहां के लिए दिए गए 350 टीके लगाने का लक्ष्य जल्द ही पूरा हो गया था। इस पर तैनात कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारी से चर्चा के बाद इससे आगे भी टीके लगाए जाना जारी रखा। ऐसे में यहां लोगों को वैक्सीन के 440 डोज लगाए गए।

पुलिस लाइन अस्पताल में 395 लोगों को टीके लगे
देवास रोड स्थित पुलिस लाइन मेें सैकड़ों लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच गए। यहां शाम तक वैक्सीन लगाई गई। पुलिस लाइन अस्पताल के डॉक्टर आशीष सक्सेना ने बताया कि शनिवार को 395 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। शेष लोगों को लौटाना पड़ा। पिछले दो दिन से वैक्सीन लगवाने को लेकर लोगों की संख्या बढ़ी है।

सेंटर पर निगम कर्मचारियों की भी ड्यूटी थी, लेकिन वे नहीं आए
फ्रीगंज स्थित आंबेडकर मांगलिक भवन में दोपहर में करीब 50-60 लोग टीके के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। यह कतारबद्ध नहीं थे। पूछने पर एएनएम व स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा यहां कुछ निगमकर्मियों की भी ड्यूटी थी लेकिन वे आए नहीं, इन्हें लाइन में कौन लगाए? इस बीच एक वृद्ध ने कहा कि कोई बात नहीं 10-15 मिनट में टीका लगवाने का नंबर आ रहा है। केवल वेरिफिकेशन में थोड़ा वक्त लगा रहा है। हालांकि बाद में सभी लोग स्वेच्छा से कतार में खड़े हो गए थे।

इन सेंटरों पर लक्ष्य से अधिक लोग पहुंचे, तत्काल पहुंचाई वैक्सीन
पुराने निगम कार्यालय के सेंटर में 100 के एवज में 340, पुलिस लाइन में 300 के लक्ष्य के बदले में 395 और आंबेडकर भवन में 250 की बजाए 309 लोगों को टीके लगाए गए। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. केसी परमार ने बताया इन सेंटरों पर लोग ज्यादा पहुंच गए थे, ऐसे में तत्काल वैक्सीन मुहैया करवाई। इसलिए लक्ष्य से ज्यादा लोगों को टीके लगे। डॉ. परमार ने कहा कि लगता है कि अब लोगों में वैक्सीनेशन को लेकर जागरूकता बढ़ी है। यह उसी का नतीजा है।

खबरें और भी हैं…



Source link