Happy Birthday Lara: नाबाद 400 रन की पारी नहीं पहला शतक है लारा के लिए खास, बेटी है वजह

Happy Birthday Lara: नाबाद 400 रन  की पारी नहीं पहला शतक है लारा के लिए खास, बेटी है वजह


ब्रायन लारा ने वेस्टइंडीज के लिए तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 22260 रन बनाए हैं. उन्होंने 53 शतक भी लगाए हैं. (Brian Lara Twitter)

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ( Brian Lara Birthday) का आज (2 मई) 52वां जन्मदिन है. लारा के नाम टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी 400 नाबाद रन की पारी खेलने का रिकॉर्ड है. इसके अलावा वो फर्स्ट क्लास मैच की एक पारी में 500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज हैं. उन्होंने जून 1994 में इंग्लिश काउंटी टीम वारविकशर (Warwickshire) की ओर से खेलते हुए डरहम (Durham) के खिलाफ नाबाद 501 रन बनाए थे.

नई दिल्ली. वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ( Brian Lara Birthday) का आज (2 मई) 52वां जन्मदिन है. ऑस्ट्रेलिया के सर्वकालिक महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमेन (Don Bradman) के बाद अगर किसी खिलाड़ी ने क्रिकेट को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है, तो वो लारा हैं. लारा न तो टेस्ट और न वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. लेकिन उन्होंने खेल पर जो अपनी छाप छोड़ी है, उसे कोई नहीं भूल सकता है. 2 मई 1969 को त्रिनिदाद में जन्मे लारा ने 6 साल की उम्र में बल्ला थामने वाले लारा ने स्कूल के दिनों में ही ये साबित कर दिया था कि आगे चलकर वो दुनिया के महानतम बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल होंगे. लारा ने 14 साल की उम्र में 126 के औसत से 745 रन बनाते हुए त्रिनिदाद की अंडर-16 टीम में जगह बनाई थी. अगले ही साल वो वेस्टइंडीज की अंडर-19 टीम में शामिल हुए. 1990 में 20 साल की उम्र में वो त्रिनिदाद एंड टोबैगो के सबसे युवा कप्तान बने और उन्होंने टीम को गेडिस ग्रांट शील्ड टूर्नामेंट जिताया. इसी साल उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ लाहौर में टेस्ट डेब्यू किया. पहली पारी में लारा ने 44 और दूसरी में पांच रन बनाए. लारा ने 16 साल ही टेस्ट क्रिकेट खेला. लेकिन इस दौरान ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जो आज तक नहीं टूटे हैं. लारा ने 2 महीने के भीतर टेस्ट और फर्स्ट क्लास में सबसे बड़ी पारी खेली लारा के लिए 1994 का साल यादगार रहा था. उन्होंने इस साल दो महीने के भीतर ही टेस्ट में 375 और फर्स्ट क्लास में 501 रन की नाबाद पारी खेलकर विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था. ये तब टेस्ट और फर्स्ट क्लास क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी थी. उन्होंने 375 रन की पारी इंग्लैंड के खिलाफ एंटीगा में खेली थी और वेस्टइंडीज के ही दिग्गज बल्लेबाज सर गारफील्ड सोबर्स की सबसे बड़ी 365 रन की पारी के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया था. सोबर्स ने पाकिस्तान के खिलाफ 1958 में ये पारी खेली थी. जिसे 36 साल बाद लारा ने तोड़ा था.लारा ने 6 महीने में हेडन की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड तोड़ा 9 साल बाद ही 2003 में ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन ने 380 रन बनाकर लारा की सबसे बड़ी पारी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था. लेकिन 6 महीने के भीतर ही लारा ने फिर नया रिकॉर्ड बना डाला. इस बार उन्होंने टेस्ट में नाबाद 400 रन की पारी खेली और इस बार भी उनकी ये पारी इंग्लैंड के खिलाफ ही आई. इस पारी में लारा ने 43 चौके और 4 छक्के मारे थे. हालांकि, लारा की सबसे बड़ी पारी के बाद भी ये मुकाबला ड्रॉ रहा. लारा के लिए पहला दोहरा शतक सबसे यादगार
लारा ने अपने करियर में भले ही 375, 400* औऱ 501* रन की पारियां खेली हैं. लेकिन उनके लिए इससे ज्यादा स्पेशल 277 रन की वो पारी है, जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1993 के सिडनी टेस्ट में खेली थी. ये लारा का पांचवां टेस्ट और उनकी पहली शतकीय पारी थी. इस पारी की बदौलत वेस्टइंडीज वो टेस्ट मैच ड्रॉ कराने में सफल रहा था. ये पारी लारा के दिल के सबसे करीब है. इसी पारी के बाद उन्होंने अपनी बेटी का नाम सिडनी रखा था. यह भी पढ़ें : IPL 2021: धोनी की टीम के खिलाफ मिली जीत को रोहित शर्मा ने बताया जिंदगी का सबसे रोमांचक मैच पहले दोहरे शतक के बाद बेटी का नाम सिडनी रखा इसका खुलासा लारा ने एक इंटरव्यू में किया था. उन्होंने कहा था कि हम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज का एक टेस्ट गंवा चुके थे. मेरे जैसे युवा बल्लेबाज के लिए शेन वॉर्न और क्रेग मेकडरमॉट का सामना करना चुनौतीपूर्ण था. इसलिए मेरे लिए ये सबसे खास पारी रही. इस पारी को याद रखने के लिए ही मैंने अपनी बेटी का नाम सिडनी रखा. IPL 2021 Points Table: हार के बावजूद टॉप पर बरकरार चेन्‍नई सुपर किंग्‍स, जानिए बाकी टीमों का हाल लारा ने वेस्टइंडीज के लिए 133 टेस्ट, 299 वनडे खेले. टेस्ट में उन्होंने 34 शतक और 48 अर्धशतक के साथ 11953 रन बनाए. वो टेस्ट में कैरेबियाई टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. वनडे में भी उन्होंने 10405 रन बनाए. इस फॉर्मेट में उन्होंने 19 शतक लगाए.







Source link