- Hindi News
- Local
- Mp
- Recovery Rate Increased By More Than 2% In 5 Days, Infection Rate Also Decreased Marginally
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मध्यप्रदेश2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मध्यप्रदेश में संक्रमण की रफ्तार में कमी आना शुरू हो गई है। स्वस्थ होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। 5 दिन में रिकवरी रेट 2% बढ़ा है। प्रदेश के चारों बड़े शहरों की स्थिति भी ठीक है। यहां मरीज तेजी से रिकवर हो रहे हैं। स्वस्थ होने वाला का आंकड़ा नए संक्रमितों से ज्यादा है।
प्रदेश में 28 अप्रैल को रिकवरी रेट 82% से थोड़ा कम था, जबकि संक्रमण दर 21% से ज्यादा थी। 2 मई को रिकवरी रेट 84% पर पहुंचा गया है और संक्रमण दर में मामूली कमी आई है। नए केस भी लगातार प्रदेश में कम हो रहे हैं।
इंदौर: 5 दिन बाद आंकड़ा 18 सौ से नीचे आया
इंदौर के लिए लगातार राहत की खबर आ रही है। अब तक यहां 18 सौ से ज्यादा मरीज आ रहे थे, लेकिन 24 घंटे में यह संख्या घटकर 1 हजार 787 हो गई। एक दिन पहले 1821 संक्रमित आए थे। संक्रमण दर भी 1% घट कर 17% हो गई है। 2 हजार 161 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। सरकारी रिकाॅर्ड में 8 संक्रमितों की मौत भी हुई है। एक्टिव केस 10 हजार 819 हो गए हैं, जबकि एक सप्ताह पहले तक यह आंकड़ा 13 हजार पर था।
भोपाल: सबसे ज्यादा 12 मौतें, 3 दिन में संक्रमण दर 1% बढ़ी
राजधानी में 24 घंटे में सबसे ज्यादा 12 मौतें हुई हैं। यहां 6 हजार 700 सैंपल की जांच में 1669 संक्रमित मिले हैं। संक्रमण दर भी 1% बढ़ गई है। तीन दिन पहले संक्रमण दर 24% पर आ गई थी, लेकिन अब फिर से बढ़कर 25% पर हो गई है। यह प्रदेश के दर से 4% ज्यादा है। हालांकि एक राहत की बात यह है कि 1 हजार 939 स्वस्थ होकर घर गए हैं।
ग्वालियर: संक्रमण दर 29%, स्वस्थ होने वाले ज्यादा
यहां तीन दिन से सैंपल की जांच में कमी की वजह से संक्रमितों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। लेकिन संक्रमण दर में अंतर नहीं आ रहा है। संक्रमण दर घटकर 29% पर है। 24 घंटे में 3172 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई है, इनमें से 910 नए संक्रमित निकले हैं। 978 संक्रमित डिस्चार्ज होकर घर भी गए हैं। एक्टिव केस 8757 से घटकर 8682 हो गए हैं। साथ ही 2 मई तक जिले में कुल एक्टिव कंटेनमेंट जोन की संख्या 626 से घटकर 534 हो गई है।
सरकारी रिकॉर्ड में सिर्फ 7 मौतें दर्ज की गई। लेकिन शहर के चार मुक्तिधाम में 44 संक्रमितों के शव जले हैं। इनमें चार एक दिन पहले के हैं। लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम में तो शवों को जलाने तक की जगह नहीं थी। अंतिम संस्कार के लिए इंतजार करना पड़ा।
जबलपुर: रिकवरी रेट 86% पर मौतों का आंकड़ा कम नहीं हो रहा
कोरोना संक्रमण के नए मामलों को मिलाकर जिले में आज कुल संक्रमितों का आंकड़ा 39 हजार के आंकड़े को पार कर जाएगा। पूरे कोरोना काल में रविवार तक 38 हजार 480 मरीज मिल चुके थे। बीते कुछ दिनों से रोजाना 7 सौ से अधिक नए मरीज मिल रहे थे।
24 घंटे में 739 नए संक्रमित मिले हैं, वहीं प्रशासनिक रिकाॅर्ड में 8 मौतें दर्ज की गईं। वहीं चिन्हित मुक्तिधामों में 47 शवों का अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकाॅल से किया गया। इधर कुछ दिनों से रिकवरी रेट में भी सुधार हो रहा है, जोकि 86% हो गया है। इसकी वजह एक्टिव केसेस में आ रही कमी है। 5832 एक्टिव केस हैं, इनमें से 3716 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।