2ऑक्सीजन की व्यवस्था में लगे प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है नाहरू भाई की सेवा अनमोल है.
मंदसौर. मंदसौर (Mandsaur) के समाज सेवी नाहरू भाई मेवाती फिर हाज़िर है. समाज सेवा और सर्वधर्म समभाव के लिए पहचाने जाने वाले नाहरू भाई कोरोना संकट के इस काल में अस्पतालों (Hospital) में अपने खर्च पर ऑक्सजीन उपलब्ध करा रहे हैं.
कोविड-19 महामारी से आज पूरी दुनिया जूझ रही है और हर जगह ऑक्सीजन की कमी एक बड़ा कारण सामने आ रही है. मंदसौर के समाजसेवी नाहरू भाई मेवाती ने एक बार फिर सेवा की अनूठी मिसाल पेश की है. ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे जिला चिकित्सालय को नाहरू भाई ने अपने खर्चे से ऑक्सीजन उपलब्ध करवाई. नाहरू भाई का कहना है कि जब तक मैं जिंदा हूं ऑक्सीजन की कमी नहीं आने दूंगा.
नाहरू भाई ने गहराते ऑक्सीजन संकट में एक बार फिर कलियुग के हनुमान की भूमिका निभाई. नाहरू भाई ने राजस्थान में अपने परिचित मित्रों ओर ऑक्सीजन प्लांट के मालिकों से स्वयं के खर्चे पर मन्दसौर जिला चिकित्सालय के कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध करवाई. अभी तक नाहरू भाई 200 ऑक्सीजन सिलेंडर दान कर चुके हैं और उनकी यह सेवा जारी है.
मध्यप्रदेश के मंदसौर में कोरोना की दूसरी लहर कहर बरपा रही है. लगातार बढ़ रहे मरीजों के कारण जिले में ऑक्सीजन का संकट पैदा हो गया था. समाजसेवी नाहरू भाई ने आपदा की इस घड़ी में अपने खर्चे से मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध करवाने का प्रण लिया.
यह पहला मौका नहीं है जब नाहरू भाई सेवा कार्य में आगे आए हैं. इससे पहले भी कोरोना काल में नाहरू भाई ने मुक्त हस्त से दान दिया था और कई गरीबों को घर तक भोजन पहुंचाया था. वो धार्मिक स्थलों पर ऑटोमेटिक घंटियां और ऑटोमेटिक सैनिटाइजर मशीन भी दान में दे चुके हैं. नाहरू भाई केवल दूसरी क्लास तक पढ़े हैं और मुस्लिम हैं. लेकिन वो धर्म और मजहब से ऊपर उठकर समाज सेवा में हमेशा आगे रहते हैं.