आईपीएल 2021 अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया है (David Warner/Instagram)
IPL 2021: आईपीएल के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाने के बाद डेविड वॉर्नर ने अपनी बेटी द्वारा बनाया गया एक स्कैच सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इस स्कैच पर वॉर्नर की बेटी ने लिखा है- प्लीज डैडी… सीधे घर आ जाइए.
बता दें कि आईपीएल के चेयरमैन बृजेश पटेल ने मंगलवार को कहा कि बीसीसीआई जैविक रूप से सुरक्षित वातावरण में कोविड-19 संक्रमण के मामले सामने आने पर लीग को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बाद विदेशी खिलाड़ियों की वापसी का तरीका ढूंढ लेगा. सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा और दिल्ली कैपिटल्स के अनुभवी स्पिनर अमित मिश्रा के कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद लीग को निलंबित करने की घोषणा की गई.विदेशी खिलाड़ी कैसे वापस जाएंगे इस बारे में पूछे जाने पर बृजेश ने पीटीआई से कहा, ‘‘हमें उन्हें स्वदेश भेजने की जरूरत है और हम ऐसा करने का तरीका ढूंढ लेंगे.’’ इस लुभावनी लीग से जुड़े विदेशी खिलाड़ी अपने देशों में लौटने को लेकर चिंतित हैं क्योकि भारत में घातक महामारी फैलने के कारण कई देशों ने यात्रा पाबंदियां लगाई हैं. बीसीसीआई इससे पहले भी विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी का आश्वासन दे चुका है. कुछ दिन पहले ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ियों के हटने के बाद आईपीएल में इस देश के 14, न्यूजीलैंड के 10 और इंग्लैंड के 11 खिलाड़ी बचे हैं. दक्षिण अफ्रीका के 11, वेस्टइंडीज के नौ, अफगानिस्तान के तीन और बांग्लादेश के दो खिलाड़ी भी आईपीएल के लिए भारत में हैं. न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने इस स्थिति से निपटने में बीसीसीआई की क्षमता पर भरोसा जताया है. आईपीएल को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर, 1000 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों का चार्टर्ड विमान में एक साथ ब्रिटेन जाने का कार्यक्रम था जहां दोनों टीमों को जून में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में हिस्सा लेना है. कुछ दिन पहले ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने कहा था कि उनके देश के क्रिकेटरों को उसी चार्टर्ड विमान में यात्रा करने में कोई परेशानी नहीं है जो भारत, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाड़ियों को आईपीएल के बाद ब्रिटेन ले जाएगा. सोमवार को चेन्नई सुपरकिंग्स के गेंदबाजी कोच एल बालाजी के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाज संदीप वारियर और वरूण चक्रवर्ती भी पॉजिटिव पाए गए थे.