- Hindi News
- Sports
- Cricket
- Team India For WTC Final And England Tour India Squad India Vs New Zealand WTC Final Southampton India Tour Of England
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के लिए टीम इंडिया का ऐलान आज हो सकता है। चीफ सिलेक्टर चेतन शर्मा के नेतृत्व में सिलेक्शन कमेटी 25 प्लेयर्स की टीम चुन सकती है। इसमें कम से कम 4 ओपनर, 4 से 5 मिडिल ऑर्डर बैट्समैन, 8 से 9 फास्ट बॉलर्स, 4 से 5 स्पिन बॉलर्स और 2 से 3 विकेट कीपर्स हो सकते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मार्च में हुए वनडे सीरीज में शानदार गेंदबाजी करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा की टीम में एंट्री हो सकती है।
वहीं, रविंद्र जडेजा और हनुमा विहारी चोट के बाद टीम में वापसी कर सकते हैं। हार्दिक पंड्या और पृथ्वी शॉ को सिलेक्शन कमेटी नजर अंदाज कर सकती है। भारत और न्यूजीलैंड 18 जून को पहली बार हो रहे टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में भिड़ेंगे। यह मैच साउथैम्पटन के द एजेस बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा।
WTC फाइनल के साथ इंग्लैंड दौरे के लिए भी ऐलान संभव
हालांकि, WTC फाइनल के बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड में अगस्त में 5 टेस्ट की सीरीज भी खेलनी है। ऐसे में फाइनल के साथ-साथ यही टीम इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में भी हिस्सा ले सकती है। इसी वजह से BCCI बड़ा स्क्वॉड भेजना चाह रहा है, ताकि प्रैक्टिस मैच के आभाव में खिलाड़ी आपस में टीम बांटकर प्रैक्टिस कर सकें।
इंग्लैंड के खिलाफ खेलने वाले ज्यादातर खिलाड़ी टीम में चुने जा सकते
- भारतीय स्क्वॉड में ज्यादा सरप्राइज देखने को नहीं मिल सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने वाली टीम इंडिया के ज्यादातर खिलाड़ी WTC फाइनल के लिए चुने जा सकते हैं।
- हालांकि, सिलेक्टर्स के सामने हार्दिक को लेकर सबसे बड़ा सवाल होगा। उन्होंने पिछले 1 साल में रेगुलर गेंदबाजी नहीं की है। IPL में भी उन्होंने गेंदबाजी नहीं की। ऐसे में सिलेक्टर्स को ये सोचना है कि वे हार्दिक को बैट्समैन के रूप में टीम में शामिल करना चाहते हैं या ऑलराउंडर के रूप में।
- 4 ओपनर्स में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, लोकेश राहुल और मयंक अग्रवाल का चुना जाना तय है। ऐसे में शानदार फॉर्म में चल रहे पृथ्वी शॉ को नजरअंदाज किया जा सकता है। शॉ IPL में टॉप-5 बैट्समैन में भी शुमार थे। उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खराब फॉर्म के बाद इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया था।
- मिडिल ऑर्डर में कप्तान विराट कोहली के अलावा, उपकप्तान अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, ऋषभ पंत शामिल हो सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हुए हनुमा विहारी की टीम में वापसी हो सकती है। वे अब फिट हैं।
- स्पिनर्स में रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल का चुना जाना तय है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उंगली फ्रैक्चर कराने वाले रविंद्र जडेजा की वापसी तय है। IPL में भी जडेजा शानदार फॉर्म में थे। बॉलिंग के साथ-साथ बैटिंग में भी वे अच्छा योगदान दे सकते हैं।
- तेज गेंदबाजी में इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह का चुना जाना तय है। इसके अलावा शार्दूल ठाकुर भी ऑलराउंड परफॉर्मेंस की वजह से चुने जा सकते हैं। प्रसिद्ध को उनकी स्पीड के लिए नवदीप सैनी पर तरजीह दी जा सकती है।
- विकेटकीपर्स में पंत टीम में होंगे। बैकअप के तौर पर ऋद्धिमान साहा को मौका मिल सकता है। पर साहा का टीम में होना इस बात पर निर्भर करेगा कि वे कोविड-19 से कब तक फिट होंगे। वे फिलहाल कोरोना संक्रमित हैं। इनके अलावा केएस भरत को तीसरे विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया जा सकता है।
BCCI WTC फाइनल और इंग्लैंड दौरे की तैयारियों में जुटा
सिलेक्शन कमेटी ने हाल ही में BCCI को 35 संभावित खिलाड़ियों के नाम सौंपी थी। बोर्ड भी संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट के मुताबिक लॉजिस्टिक और ट्रैवल अरेंजमेंट करने में जुट गया है। विराट की टीम को चार्टर्ड फ्लाइट से इंग्लैंड रवाना किया जाएगा। 18 जून से 22 जून तक WTC फाइनल के बाद टीम एक महीने वहीं रहकर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की प्रैक्टिस करेगी। 4 अगस्त से 5 मैच की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।
भारत के खिलाफ WTC फाइनल में न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी
फाइनल में न्यूजीलैंड टीम का पलड़ा भारी लग रहा है, क्योंकि उनकी टीम को जून में WTC फाइनल से पहले इंग्लैंड के खिलाफ 2 टेस्ट भी खेलने हैं। इससे उन्हें तैयारियों का भरपूर मौका मिलेगा। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन समेत ज्यादातर खिलाड़ी फिलहाल भारत में हैं और वे 17 मई के बाद इंग्लैंड रवाना होंगे। न्यूजीलैंड टीम ने 2 जून से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रहे 2 टेस्ट की सीरीज के लिए 20 प्लेयर्स का स्क्वॉड बनाया है। इसमें से 15 खिलाड़ी टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के लिए चुने जाएंगे।
IPL और कोरोना का फाइनल पर कोई असर नहीं
कोरोना की वजह से हाल ही में कैंसिल हुए IPL के 14वें सीजन का WTC फाइनल पर कोई असर नहीं पड़ेगा और यह तय समय पर होगा। बढ़ते संक्रमण की वजह से UK ने भारत को रेड लिस्ट कर दिया है। UK जाने वाले लोगों को 10 दिन क्वारैंटाइन भी किया जा रहा है। हालांकि, ICC को पूरा भरोसा है कि इससे फाइनल का कोई लेना देना नहीं है। टीम इंडिया मई के आखिरी हफ्ते में UK के लिए रवाना हो जाएगी।