Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मुंबई10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
SRH की CEO काव्या मारन और टीम के पूर्व कप्तान डेविड वॉर्नर।
कोरोना की दूसरी लहर से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए खेल जगत ने भी हाथ बढ़ाया है। IPL की फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ने 30 करोड़ रुपए डोनेट किए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने सोशल मीडिया पर अपने ऑफिसियल साइट पर इसकी जानकारी दी। फ्रेंचाइजी ने कहा कि इसका इस्तेमाल कोरोना से जूझ रहे लोगों की मदद और उन्हें बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए किया जाएगा।
फ्रेंचाइजी ने कहा कि सन टीवी नेटवर्क इस महामारी में लोगों के साथ है। यह राशि केंद्र सरकार और राज्य सरकार की ओर से कोरोना संक्रमित लोगों के लिए चलाए जा रहे योजनाओं में खर्च किए जाएंगे। साथ ही इस राशि से अस्पतालों में दवा और ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
CSK ने 450 ऑक्सीजन सिलेंडर डोनेट किए
इससे पहले एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने तमिलनाडु सरकार को 450 ऑक्सिजन सिलेंडर डोनेट किए। ये ऑक्सीजन सिलेंडर एक NGO भोविका ट्रस्ट के माध्यम से तमिलनाडु के सरकारी अस्पताल और ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन की ओर से संचालित किए जा रहे कोविड सेंटर को दिए गए।
विराट और अनुष्का 7 करोड़ रुपए जुटाएंगे
टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली और उनकी पत्नी बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा कोविड-19 से जंग में लोगों की मदद के लिए क्राउड फंडिंग से 7 करोड़ रुपए जुटाने का कैम्पेन भी शुरू किया है। उन्होंने खुद इसमें 2 करोड़ रुपए दान किए। इस कैम्पेन का नाम ”इन दिस टुगेदर” (In This Together) रखा है। राशि का इस्तेमाल कोरोना से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए किया जाएगा।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी की मदद
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भारत की मदद के लिए 50 हजार डॉलर यानी करीब 37 लाख रुपए डोनेट करने का फैसला किया है। इससे भारत को कोरोना के खिलाफ लड़ाई तेज करने में मदद मिलेगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया एक-दूसरे के अच्छे दोस्त हैं। हम भारत में बने हालात से काफी चिंतित हैं। हम हर कदम पर अपने साथी के साथ खड़े हैं।
अन्य क्रिकेटर भी कर रहे हैं मदद
देश में कोरोना महामारी के बीच ऑक्सीजन नहीं मिलने से कई लोग जान गंवा चुके हैं। ऐसी स्थिति में क्रिकेटर हार्दिक पंड्या के परिवार ने ग्रामीण क्षेत्र के लिए 200 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स दान करने का फैसला लिया। इससे पहले सचिन तेंदुलकर एक करोड़ और IPL की दिल्ली कैपिटल्स (DC) फ्रेंचाइजी 2.50 करोड़ रुपए दान कर चुके हैं।
ब्रेट ली और कमिंस जैसे क्रिकेटर्स ने मदद का हाथ बढ़ाया
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर पैट कमिंस और ब्रेट ली ने भी मदद का हाथ बढ़ाया था। ली ने करीब 41 लाख रुपए और कमिंस ने करीब 37 लाख रुपए डोनेट किए थे। डोनेशन का ऐलान करते हुए कमिंस ने सोशल मीडिया पर लिखा- भारत एक ऐसा देश है, जिससे मैं बेहद प्यार करता हूं। यहां के लोग काफी अच्छे और दयालु हैं। फिलहाल, इन लोगों को कोरोना की वजह से काफी कुछ सहना पड़ रहा है, इससे मुझे कष्ट होता है।