Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मुंबई11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) फाइनल के लिए टीम इंडिया 2 जून को इंग्लैंड रवाना होगी। यहां न्यूजीलैंड से 18 जून को मुकाबला होगा। इसके लिए टीम भारत में ही 8 दिन बायो-बबल में क्वारैंटाइन रहेगी। टीम इंडिया 19 मई को मुंबई पहुंचकर बायो-बबल में एंट्री करेगी। इंग्लैंड पहुंचकर भी विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया को 10 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सूत्रों के मुताबिक, टीम इंडिया के लिए मुंबई में बायो-बबल बनाया गया है। यहां टीम 19 मई से क्वारैंटाइन रहेगी। यह अभी संभावित प्लान बनाया गया है। इसको लेकर जल्द ही सबकुछ फाइनल कर लिया जाएगा।
परिवार को साथ ले जा सकेंगे खिलाड़ी
BCCI ने विराट और उनकी टीम परिवार वालों को भी साथ ले जाने की इजाजत दे दी है। WTC फाइनल में भारत के सामने न्यूजीलैंड की चुनौती होगी। यह मैच 18 से 22 जून के बीच साउथैम्प्टन के द एजेस बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा।
अधिकारी ने कहा कि भारत का इंग्लैंड दौरा काफी लंबा है। टीम 2 जून से लेकर 14 सितंबर तक करीब 3 महीने इंग्लैंड में रहेगी। इसलिए सभी खिलाड़ियों को परिवार को साथ ले जाने की इजाजत दी गई है। उन्होंने बताया कि यह फैसला सिर्फ लंबे टूर की वजह से ही नहीं, बल्कि, क्वारैंटाइन पीरियड को ध्यान में रख कर भी लिया गया है। क्वारैंटाइन के दौरान खिलाड़ियों को कहीं घूमने की इजाजत नहीं होगी। ऐसे में परिवार वालों के साथ खिलाड़ी समय बिता सकेंगे।
2 जून से UK में 10 दिन के लिए क्वारैंटाइन रहेंगे प्लेयर्स
टीम इंडिया 2 जून को इंग्लैंड पहुंचेगी और वहां 10 दिन के लिए क्वारैंटाइन होगी। हालांकि, इस दौरान टीम ट्रेनिंग कर सकेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि खिलाड़ी बबल से बबल में ट्रांसफर होंगे। पूरी टीम को चार्टर्ड प्लेन से भेजा जाएगा। इंग्लैंड में भी पूरी टीम का रेगुलर चेक अप होगा। ट्रेनिंग के अलावा टीम को कहीं आने-जाने की परमिशन नहीं होगी।
भारतीय टीम करीब 3 महीने इंग्लैंड में रहेगी
WTC फाइनल 22 जून को समाप्त होगा। इसके बाद टीम इंडिया को करीब 1 महीने UK में गुजारना है। 4 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत होगी। अधिकारी ने खिलाड़ियों को वैक्सीन दिए जाने पर भी बात की। उन्होंने कहा – चूंकि अब भारत सरकार ने 18+ उम्र वाले लोगों को टीका लगाने की इजाजत दे चुकी है। ऐसे में खिलाड़ी भी वैक्सीन लगवा सकते हैं। पर सेकंड डोज को लेकर कन्फ्यूजन है, क्योंकि टीम इंग्लैंड के लिए रवाना हो जाएगी।
वैक्सीन को लेकर भी प्लान बना रहा है BCCI
अधिकारी ने कहा कि BCCI फिलहाल इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड से इस बारे में बातचीत कर रहा है। अगर इंग्लिश बोर्ड वहां वैक्सीनेशन के लिए तैयार होता है, तो खिलाड़ी दूसरा डोज वहीं लगवाएंगे। अगर UK गवर्नमेंट इसकी परमिशन नहीं देती है, तो हम दूसरा डोज भारत से ही UK ले जाएंगे। इस पर आगे विचार किया जाएगा।