सौरव गांगुली ने कहा- टीम इंडिया है सबसे ज्यादा ताकतवर
(सौरव गांगुली इंस्टाग्राम)
सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने एक ताजा इंटरव्यू में कहा है कि टीम इंडिया दुनिया की सबसे ताकतवर टीम है, इसकी उन्होंने पांच बड़ी वजह भी बताई हैं.
सौरव गांगुली ने द हिंदू के साथ खास बाततीक में टीम इंडिया की मजबूती के पीछे पहला कारण ताकतवर घरेलू क्रिकेट को बताया. भारत के घरेलू क्रिकेटर एक सीजन में कुल 30 मैच खेलते हैं. रणजी ट्रॉफी से टीम इंडिया को मोहम्मद सिराज, मयंक अग्रवाल और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी मिले. इसके अलावा रहाणे और चेतेश्वर पुजारा जैसे खिलाड़ी भी इसी घरेलू क्रिकेट की वजह से टीम इंडिया को मिले.
सौरव गांगुली ने टीम इंडिया की मजबूती का बड़ा श्रेय नेशनल क्रिकेट एकेडमी को भी दिया. पिछले 10 सालों में बेंगलुरु स्थिति एनसीए ने काफी ज्यादा काम किया है. एनसीए ने एमआरएफ पेस एकेडमी के साथ मिलकर नवदीप सैनी, मोहम्मद सिराज और खलील अहमद जैसे गेंदबाज दिये हैं.
सौरव गांगुली ने टीम इंडिया के सबसे ताकतवर होने की तीसरी वजह टॉप क्लास कोच का होना बताया. बीसीसीआई चीफ के मुताबिक हर उम्र की क्रिकेट टीम के पास वर्ल्ड क्लास कोच हैं. राहुल द्रविड़ ने इंडिया ए और अंडर 19 टीम के साथ काम किया इसके अलावा भरत अरुण, डब्ल्यू वी रमन, रवि शास्त्री ने भी युवा खिलाड़ियों को मजबूत बनाया है.
सौरव गांगुली ने टीम इंडिया के ताकतवर होने की चौथी वजह आईपीएल को बताया. गांगुली के मुताबिक साल 2008 में होने वाले इस टूर्नामेंट ने भारत के घरेलू क्रिकेटरों को अपना टैलेंट दिखाने का एक प्लेटफॉर्म मुहैया कराया है. आईपीएल ने आर्थिक रूप से भी बीसीसीआई को काफी मजबूत किया. हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और इशान किशन जैसे खिलाड़ी इसी लीग से टीम इंडिया को मिले हैं.
गांगुली ने टीम इंडिया के मजबूत होने की वजह भारतीय खिलाड़ियों के टैलेंट को भी बताया. गांगुली के मुताबिक दो बाइलेट्रल सीरीज एक साथ खेलना इसका सबसे बड़ा सबूत है. जुलाई में टीम इंडिया इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ सीरीज खेलने वाली है. बता दें इंग्लैंड के साथ भारत की सीनियर टीम टेस्ट सीरीज खेलेगी और श्रीलंका में भारत के युवा खिलाड़ी वनडे और टी20 सीरीज खेलते दिखेंगे.