TOP 10 Sports News: 13 मई की टॉप-10 खबरें.
टीम इंडिया को जुलाई में श्रीलंका का दौरा करना है. इस दौरान कई सीनियर खिलाड़ी बाहर रहेंगे. ऐसे में शिखर धवन को कप्तानी दी जाएगी. वहीं बीसीसीआई ने दो टूक कह दिया है कि इंग्लैंड दाैरे से पहले किसी खिलाड़ी की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो वह दौरे पर नहीं जाएगा.
टीम इंडिया को जुलाई में श्रीलंका का दौरा करना है. टीम को यहां तीन वनडे और तीन टी20 मैच की सीरीज खेलनी है. विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बड़े खिलाड़ी इस सीरीज से बाहर रहेंगे. क्योंकि वे इस दौरान इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज की तैयारी करते रहेंगे. ऐसे में दौरे पर नए खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा. इतना ही नहीं टीम को नया कप्तान भी मिलेगा. शिखर धवन का कप्तान बनना तय है. वे टीम के सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं.
भारत और श्रीलंका के बीच टी20 और वनडे सीरीज होनी है. टीम इंडिया जुलाई में श्रीलंका के दौरे पर जाएगी. इस बीच जानकारी के अनुसार सीरीज के सभी मुकाबले कि कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होंगे. इतना ही नहीं मैच के दौरान स्टेडियम में फैंस को आने की इजाजत नहीं होगी. कोरोना के कारण श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने यह फैसला किया है.
विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने 5 करोड़ रुपए से अधिक की की राशि जुटा ली है. भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इन दिस टुगेदर नाम के इस कैम्पेन में 7 दिन में 7 करोड़ रुपए जुटाने का अभियान चलाया गया था. 7 मई से 11 मई तक यानी 5 दिन में 5.22 करोड़ मिल चुके हैं. 2 दिन में 1.78 करोड़ रुपए और जुटाए जाने हैं. यह राशि काेरोना मरीजाें पर खर्च होनी है.
इंडियन प्रीमियर लीग 2021 कोरोना वायरस के चलते अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया है, लेकिन चेन्नई सुपरकिंग्स के फैंस अब भी आईपीएल की याद में डूबे हैं. चेन्नई सुपरकिंग्स के फैंस मंगलवार को अपनी टीम को याद करते हुए बेहद इमोशनल हो गए. दरअसल चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें उसने अपने फैंस से दमदार वापसी का वादा किया है.
पिछले कुछ महीनों में अगर किसी भारतीय खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन में काफी ज्यादा सुधार किया है तो वो हैं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मौका मिलने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा है. सिराज की गेंदबाजी में गजब का पैनापन आ गया है और इसका सबूत उन्होंने आईपीएल 2021 में खेले 7 मैचों में भी पेश किया. सिराज ने यॉर्कर, बाउंसर गेंदों का गजब इस्तेमाल किया और वो एक किफायती गेंदबाज के तौर पर उभरे. सिराज के इस प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए भी चुना गया. आपको बता दें मोहम्मद सिराज अपनी कामयाबी का पूरा श्रेय कप्तान विराट कोहली को देते हैं.
पूरा देश इस समय कोरोना की दूसरी लहर से जंग लड़ रहा है और इस मुश्किल समय में खेल को जारी रखना भी हर बोर्ड के लिए बड़ी चुनौती है. बीसीसीआई के लिए भी इस मुश्किल समय में क्रिकेट को जारी रखना एक चुनौती है. पहले ही इस महामारी के कारण आईपीएल के 14वें सीजन को बीच में टाल दिया गया और अब इस संकट के बीच भारतीय टीम को अगले महीने इंग्लैंड का दौरा करना है. ऐसे में बीसीसीआई ने इंग्लैंड दौरे पर जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों को हिदायत देते हुए कह दिया है कि मुंबई पहुंचने के बाद यदि किसी खिलाड़ी की भी कोविड रिपोर्ट पॉजीटिव आई तो वो खुद को दौरे से बाहर मान सकता है.
टोक्यो ओलंपिक गेम्स 23 जुलाई से होने हैं. लेकिन कोरोना के कारण इसके आयोजन पर संशय बना हुआ है. पहले ही गेम्स एक साल के लिए टल चुका है. जापान के लोगों ने ओलिंपिक का बहिष्कार करना शुरू कर दिया है. टेस्ट इवेंट के दौरान फैंस स्टेडियम के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं जापान के टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका के बाद यहीं के केई निशिकोरी ने भी गेम्स को लेकर कुछ बड़े सवाल किए हैं.
टोक्यो ओलंपिक की तैयारी के लिए भारतीय निशानेबाजी टीम मंगलवार को क्रोएशिया के लिए रवाना हुई. यहां खिलाड़ी करीब 80 दिन तक ओलंपिक की तैयारी करेंगे, लेकिन टीम के पिस्टल कोच पावेल स्मिरनोव वीजा नहीं मिलने के कारण 28 सदस्यीय भारतीय निशानेबाजी दल के साथ मंगलवार को क्रोएशिया नहीं जा सके. 13 निशानेबाजों सहित इस टीम को यूरोपियन देश में ओलिंपिक शिविर में हिस्सा लेना है. टीम यहां टूर्नामेंट भी खेलेंगी. ओलंपिक क्वालिफाई करने वाले दो अन्य खिलाड़ी अंगद सिंह बाजवा और मेराज अहमद खान इटली में ट्रेनिंग कर रहे हैं.
खेल मंत्री किरण रिजिजू ने भारतीय खिलाड़ियों को ट्रेनिंग या प्रतियोगिता के लिए यात्रा करते हुए दूसरे देशों के कोविड-19 नियमों को तोड़ने के खिलाफ मंगलवार को चेताया. क्रोएशिया दौरे पर ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाले निशानेबाजों को सफल दौरे के लिए शुभकामना देते हुए रिजिजू ने ट्वीट किया. रिजिजू ने कहा, ‘सुरक्षित यात्रा. अन्य देशों के कोविड-19 नियमों को कभी मत तोड़ो. ट्रेनिंग पर ध्यान लगाओ, ध्यान लगाओ और सुरक्षित रहो. हम अपने खिलाड़ियों और कोचों को सभी जरूरत समर्थन मुहैया कराएंगे. आप सभी को शुभकामनाएं.’
पुरुषों की विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप 26 अक्टूबर से छह नवंबर के बीच सर्बिया की राजधानी बेलेग्रेड में आयोजित की जाएगी. अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ ने मंगलवार को यह घोषणा की. पहले यह प्रतियोगिता भारत में होनी थी, लेकिन पिछले साल मेजबानी शुल्क का भुगतान करने में असफल रहने के बाद उसने मेजबानी के अधिकार गंवा दिए थे. इसके बाद एआईबीए ने सर्बिया को मेजबानी सौंप दी थी.