Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
पिपरिया30 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पिपरिया। खरीदी केन्द्रो पर बारदाने ख़त्म होने पर खुले में पड़ा गेहूं।
- किसान और मजदूरों ने बारदानों के इंतजाम के लिए समितियों से कहा, खुले में रखा है गेहूं
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी किए जाने का काम बारदानों की कमी के चलते रुक गया है। गेहूं बेचने के लिए आए किसान और खरीदी केंद्रों पर आए हुए मजदूर इससे परेशानी है। किसानों और मजदूरों ने बारदानों का इंतजाम करने के लिए खरीदी कर रही समितियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। दूसरी ओर समितियों का कहना है आपूर्ति निगम को बारदाने के बारे में बताया जा चुका है। पिपरिया ब्लाक के अंतर्गत बनाए गए गेहूं खरीदी केंद्रों पर विगत तीन दिन से बारदाने नहीं हैं। जिन किसानों को गेहूं लेकर आने के लिए एसएमएस किए गए थे, वे गेहूं लेकर तो आ रहे हैं, लेकिन खरीदी केंद्र पर बारदाना ना होने के कारण उनका गेहूं नहीं लिया जा रहा है।
खरीदी केंद्र आए किसान या तो गेहूं को वापस ले जा रहे हैं या फिर खरीदी केंद्र पर ही ट्राॅली खड़ी कर बारदाने आने का इंतजार कर रहे हैं। मजदूर प्रतिनिधि रामभरोस अहिरवार ने बताया की बारदाने ना होने से हमारे मजदूर फ्री बैठे हैं। मजदूरों के द्वारा समय रहते समिति प्रबंधकों को बारदाने खत्म होने की जानकारी दी गई थी। समिति प्रबंधकों के द्वारा आपूर्ति निगम को भी सूचना दी गई, इसके बाद भी अभी तक बारदानों की आपूर्ति नहीं की गई है। इसके चलते खरीदी का काम बंद हो गया है और मजदूर परेशान हो रहे हैं।
किसानों का कहना है कि इस प्रकार की अव्यवस्था हमें परेशान होना पड़ रहा है। किसान पदम सिंह ने बताया कि वह दो दिन से खरीदी केंद्र पर ट्राॅली लेकर मौजूद हैं। बारदाने आने की बात कही जा रही है, लेकिन यह कब आएंगे कोई नहीं बता रहा। कृषक रामाधीर ने कहा कि सभी को मालूम है कि पिपरिया क्षेत्र में औसतन कितना गेहूं समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए लाया जाता है। इसके लिए पूर्व में ही व्यवस्था की जाना थी जो कि नहीं की गई। जिसका खामियाजा किसानों को उठाना पड़ रहा है।
^बारदाने ख़त्म हो जाने से गेंहू खरीदी का कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानो की शिकायते लगातार आ रही हैं। आपूर्ति निगम अधिकारियों को सूचना दी गई है। संभावना है जल्दी ही बारदानों की आपूर्ति हो जाएगी।
– प्रमोद पुरोहित, पर्यवेक्षक कृषक सेवा सहकारी समितियाँ पिपरिया