डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने दिल्ली सरकार को प्रस्ताव दिया है कि स्टेडियम में वैक्सीनेशन और आइसोलेशन सेंटर बनाया जा सकता है. (Instagram/DDCA Cricket)
नई दिल्ली. कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) इस वायरस के खिलाफ जंग में आगे आया है. डीडीसीए ने प्रस्ताव दिया है कि कोरोना वायरस महामारी के संक्रमण से निपटने में योगदान देने के मकसद से अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम (फिरोजशाह कोटला मैदान) का इस्तेमाल टीकाकरण और आइसोलेशन सेंटर के तौर पर किया जाए. डीडीसीए की कोषाध्यक्ष शशि खन्ना ने बताया कि डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने यह प्रस्ताव दिल्ली की आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार को दिया है. डीडीसीए पहले ही दिल्ली सरकार को 100 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर (सांद्रता) और गैर-इनवेसिव वेंटिलेटर (कृत्रिम सांस में मदद करने वाला यंत्र) दान करने की घोषणा कर चुका है.
इसे भी पढ़ें, ‘वेदा से BCCI ने पूछा तक नहीं कि वह इस अपार दुख का सामना कैसे कर रही हैं’ शशि ने बताया, ‘इस स्टेडियम में सभी बुनियादी सुविधाओं के साथ बहुत बडी पार्किंग उपलब्ध है और यह दिल्ली की बड़ी आबादी की पहुंच में भी है. स्टेडियम को अगर टीकाकरण या आइसोलेशन केन्द्र के रूप में उपयोग में लाया जाता है तो काफी संख्या में राजधानी के लोगों को बड़ी सुविधा होगी.’
इसे भी पढ़ें, WTC Final: मुंबई आने से पहले खिलाड़ियों का घर पर ही 3 बार होगा कोरोना टेस्ट दिल्ली में हालांकि बीते कुछ दिनों में कोरोना वायरस के मामलों में गिरावट आई है. पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के नए मामले शनिवार को 6430 पाए गए, हालांकि 337 संक्रमितों की जान चली गई. इतने समय में ही 11592 मरीज ठीक हुए हैं. इस समयावधि में 56811 टेस्ट किए गए, जिसमे पॉजिटिविटी रेट घटकर 11.32% हो गई है.