Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
फिलहाल 22 एमएलडी पानी की ही हो रही है सप्लाई।
- अहमदपुर में नर्मदा से सप्लाई का 44 एमएलडी का पंप हाउस तैयार
- 6 साल से बन रहा था, डेढ़ माह पहले हो गया तैयार
छह साल से अहमदपुर में बन रहा नर्मदा जलप्रदाय का 44 एमएलडी (4 करोड़ 40 लाख लीटर रोजाना) क्षमता का पंप हाउस डेढ़ माह पहले तैयार हो गया है। लेकिन इससे पानी सप्लाई शुरू होने का इंतजार है। फिलहाल अहमदपुर से इसका आधा यानी 22 एमएलडी (2 करोड़ 20 लाख लीटर पानी सप्लाई होता है और नर्मदा का शेष पानी अरेरा हिल्स स्थित रिजरवायर में जाता है। नए पंप हाउस के चालू होने से एम्स के साथ भेल और होशंगाबाद रोड की प्राइवेट कॉलोनियों की रोजमर्रा की पानी की समस्या का निराकरण हो जाएगा। छह साल पहले 6 करोड़ से पंप हाउस का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन निगम की माली हालत खस्ता होने के कारण इसका काम बहुत धीमी गति से चल रहा था।
एम्स को मिल रहा आधा पानी
नगर निगम प्रशासन अहमदपुर पंप हाउस से अभी एम्स को केवल साढ़े तीन लाख लीटर पानी सप्लाई कर रहा है, जबकि मांग 6 लाख लीटर है। इसी तरह भेल और एम्स के आसपास की काॅलोनियों के साथ होशंगाबाद रोड की काॅलोनियों में भी कम दबाव की शिकायत दूर होने की संभावना है। इस क्षेत्र की काॅलोनियों में बल्क कनेक्शन में निगम जरूरत का 50 से 75 फीसदी पानी ही सप्लाई कर रहा है। इसको लेकर विवाद की भी स्थिति बनती है। खास तौर से गर्मी में इन काॅलोनियों की रहवासी समितियों को जरूरत पूरी करने के लिए ग्राउंड वॉटर का उपयोग करना पड़ता है।
कोरोना संक्रमण के कारण नहीं हो पाया है चालू
अभी निगम प्रशासन का ध्यान पूरी तरह कोरोना संक्रमण से जुड़े कार्यों पर केंद्रित है और पंप हाउस चालू करने के बारे में कार्रवाई नहीं हो पाई। जलकार्य विभाग के सीनियर इंजीनियर्स के संक्रमित हो जाना भी इसकी एक वजह रही। जोन- 13 के एई चंदन पिपलाद जिन्हें इस पंप का संचालन करना है, वे अभी भी होम क्वेरेंटाइन हैं।
लाइन का कनेक्शन होना है
^नए पंप हाउस को पाइपलाइन से कनेक्ट करने का काम बाकी है। जलकार्य विभाग के इंजीनियर संक्रमित हैं और अभी संक्रमण से संबंधित कार्य प्राथमिकता में हैं। हालात सामान्य होते ही पंपहाउस चालू कर देंगे। इससे जोन- 13 और 14 में पानी सप्लाई में सुधार होगा।
– वीएस चौधरी कोलसानी, कमिश्नर, नगर निगम