विराट कोहली तीनों फॉर्मेट के कप्तान हैं. मिताली वनडे और टेस्ट की कप्तान हैं.
नई दिल्ली. भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम एक ही चार्टर्ड फ्लाइट से इंग्लैंड जाएंगे. विराट कोहली की टीम 18 जून से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए खेलेगी. दूसरी ओर महिला एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलेगी. दोनों टीमें 2 जून को मुंबई से रवाना होंगी. ब्रिटेन सरकार की ओर से भारत के खिलाड़ियों को आने की मंजूरी दे दी गई है. कोरोना के कारण भारत अभी रेड लिस्ट में है. इनसाइड स्पोर्ट्स की खबर के अनुसार, एक महिला खिलाड़ी ने बताया, ‘हमें 19 मई को एकत्रित होने के लिए कहा गया है. सख्त क्वारंटीन के बाद हम जून में इंग्लैंड के लिए उड़ान भरेंगे.’ बीसीसीआई तैयारियों में काफी सावधानी बरत रहा है. भारतीय बोर्ड ने मुंबई में बीसीसीआई के बायो-बबल में शामिल होने से पहले स्टैंडबाय खिलाड़ियों और उनके परिवार के सदस्यों सहित टीम के सभी खिलाड़ियों के लिए घर पर ही कोविड -19 परीक्षण की व्यवस्था की, जो उनके साथ होंगे.
मुंबई के खिलाड़ियों को एक सप्ताह की छूट हालांकि, विराट कोहली, रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे जैसे मुंबई में रहने वाले खिलाड़ियों को एक सप्ताह की छूट दी जाएगी. बशर्ते वे घर पर एक सप्ताह के आइसोलेशन का सख्ती से पालन करें और बाहर ना निकलें. बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को कोवैक्सीन के बजाय कोविशील्ड टीका लगाने को कहा है, क्योंकि कोविशील्ड यूके में आसानी से उपलब्ध होगा. अधिकांश खिलाड़ियों ने पहला डोज ले भी लिया है.
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के मैच में फिक्सिंग के आरोप को आईसीसी ने नकारा, कहा- सबूत विश्वसनीय नहीं महिला टीम 7 साल बाद खेलेगी टेस्ट विराट कोहली अपनी कप्तानी में पहली आईसीसी ट्रॉफी जीतना चाहेंगे. दूसरी ओर महिला टीम 7 साल बाद कोई टेस्ट खेलेगी. महिला दिवस पर बोर्ड के सचिव जय शाह ने टेस्ट खेलने की बात कही थी. भारतीय महिला टीम को इंग्लैंड के बाद सितंबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी जाना है. अगले साल न्यूजीलैंड में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिहाज से दोनों दौरे महत्वपूर्ण हैं. वहीं भारतीय पुरुष टीम इंग्लैंड से भी पांच मैचों की सीरीज खेलेगी. टीम 3 महीने से अधिक समय तक ब्रिटेन में रहेगी.