Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पॉश कॉलोनी गांधी नगर में भरा पानी
- दिन और रात के तापमान में 12.5 डिग्री का रहा अंतर
ताऊ-ते चक्रवात का असर अब और तेजी से दिखने लगा है। चक्रवात गुजरात क्रॉस करने के बाद राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। यही कारण है कि ग्वालियर-चंबल अंचल में 24 घंटे से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। वैशाख में सावन जैसा मौसम दिखाई दे रहा है। ग्वालियर में सोमवार रात से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटे में 21.5 MM बारिश दर्ज हो चुकी है। दिन और रात के तापमान में सिर्फ 12.5 डिग्री का अंतर रह गया है। शहर के नाले इस गर्मी के मौसम में उफान मार रहे हैं।
ताऊ-ते तूफान के कारण प्रदेश में लगातार नमी बनी हुई है। विशेषकर पश्चिमी मध्य प्रदेश के शहरों में लगातार रिमझिम हो रही है। अगले कुछ घंटे तक चक्रवात का असर इसी तरह दिखाई देता रहेगा। अंचल के शहर ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी में रात से ही रूक-रूककर बारिश हो रही है। ग्वालियर में सोमवार रात 12 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हुई। करीब 20 मिनट तक बारिश होने के बाद सुबह तक रिमझिम चलती रही। मंगलवार सुबह कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली। उसके बाद फिर से बादल छाए और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। चक्रवात के कारण लोगों को गर्मी से जरूर राहत मिल गई है। लोगों को वैशाख में भी सावन के मौसम का लुफ्त मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय के अनुसार अभी कुछ घंटे मौसम ऐसा ही रहने वाला है। चक्रवात अभी गुजरात से राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। जिसका असर अंचल में अगले 24 घंटे तक दिखाई देता रहेगा।

24 घंटे से जारी शहर में हल्की रिमझिम बारिश, फोटो स्टेशन रोड का
दिन और रात के तापमान में 12.5 डिग्री का अंतर
- सोमवार रात से मंगलवार शाम तक रिमझिम बारिश होती रही है। जिस कारण मौसम सुहाना बना हुआ है। रात को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। यही कारण है कि दिन और रात के तापमान में सिर्फ 12.5 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया है। बीते 24 घंटे में 21.5 एमएम बारिश हुई है।
तूफान ने दिलाई गर्मी से राहत, हल्का रहेगा नौतपा
- ताऊ-ते चक्रवात का असर मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। मंगलवार को दिन भर रिमझिम होने के बाद बुधवार को भी बारिश की संभावना है। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है। इसके साथ ही 25 मई से नौतपा शुरू होने वाला है। मौसम विभाग की माने तो इस बार नौतपा अन्य सालों की तुलना में कम गर्म रहने वाला है।