Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौरएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
प्रतीकात्मक फोटो
तीन हजार करोड़ से ज्यादा की जमीनों पर साथियों के साथ मिलकर कब्जा करने वाले इनामी भूमाफिया सुरेंद्र संघवी काे शर्ताें के साथ 50 हजार के मुचलके पर हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है। कोर्ट ने संघवी को स्पष्ट कह दिया है कि वह पूरी तरह से पुलिस का सहयोग करेगा। जब पुलिस बुलाए उसे आना होगा। केस से जुड़े किसी भी व्यक्ति, गवाह को डराए, धमकाए नहीं। इसके अलावा उसकी जमानत में देश छोड़कर नहीं जाने की शर्त भी जुड़ी हुई है। पुलिस ने इसकी संपत्ति कुर्की करवाने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी।
फरवरी में पुलिस ने प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर दी थी दबिश
भूमाफिया के खिलाफ 18 फरवरी को सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 3,250 करोड़ रुपए की जमीन भूमाफिया से मुक्त कराई गई थी। प्रशासन ने महज चार गृह निर्माण संस्थाओं की ही 6 हजार 890 करोड़ से ज्यादा की जमीन छुड़वा ली थी। इस जमीन से 3 हजार से ज्यादा पीड़ित सदस्यों का खुद की जमीन पाने का सपना पूरा होने वाला है। इसमें मजदूर पंचायत की पुष्प विहार कॉलोनी, देवी अहिल्या की अयोध्यापुरी और खजराना की हिना पैलेस में इन लोगों ने कब्जा कर रखा था। इंदौर जिले में कुल 858 सोसाइटियों में से 128 की शिकायतें मिली थी। इनमें से 17 भूमाफिया पर प्रकरण दर्ज किए गए थे।
17 भूमाफिया में से 16 फरार
प्रशासन के छापे में शहर के 17 भूमाफिया के खिलाफ 2 थानों में छह एफआईआर दर्ज कराई गई थी। रात में जब 100 से ज्यादा जवानों का फोर्स इनके घरों पर छापे मारने पहुंचा तो इनमें से 16 आरोपी गायब मिले। 2009 में भी प्रशासन ने भू-श्रवण अभियान चलाया था। 25 संस्था निशाने पर थीं। इस बार जिन 10 संस्थाओं के नाम आए हैं, ये उस सूची में भी शामिल थीं। तब की जांच भी अब तक लंबित हैं।
संघवी, मद्दा सहित 13 फरार माफियाओं का हुआ था गिरफ्तारी वारंट जारी
कुछ समय पहले तीन हजार करोड़ से ज्यादा की जमीनों पर कब्जा करने वाले फरार इनामी भूमाफिया सुरेंद्र संघवी, उसके बेटे प्रतीक संघवी सहित छह आपराधिक केस में आरोपी बने फरार 13 भूमाफियाओं का पुलिस ने कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी करवा लिया था। पुलिस इनकी संपत्ति कुर्की करवाने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर रही थी।
इन पर दर्ज हुए मामले
खजराना और एमआईजी थाने में मजदूर पंचायत गृह निर्माण, देवी अहिल्या गृह निर्माण व हिना पैलेस खजराना के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। अब तक बचते रहे दीपक जैन उर्फ दिलीप सिसौदिया उर्फ दीपक मद्दा के खिलाफ आधा दर्जन एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। मजदूर पंचायत गृह निर्माण की पुष्प विहार काॅलोनी में दीपक जैन और उसके गुर्गे नसीम हैदर के अलावा जमीनें खरीदने वाले केशव नाचानी, ओमप्रकाश धनवानी के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। इसी तरह देवी अहिल्या गृह निर्माण (अयोध्यापुरी कालोनी) के विमल लुहाड़िया, पुष्पेंद्र नीमा, दीपक जैन , रणवीरसिंह सूदन, दिलीप जैन, प्रतीक संघवी, मुकेश खत्री पर FIR दर्ज हुई है। हिना पैलेस में भी दीपक जैन पर FIR दर्ज कराई गई।