Stuart Broad ने David Warner पर कसा तंज, Ball Tampering विवाद को लेकर किया ऐसा कमेंट

Stuart Broad ने David Warner पर कसा तंज, Ball Tampering विवाद को लेकर किया ऐसा कमेंट


लंदन: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड (Stuart Broad) का मानना है कि यह देखना रोचक होगा अगर डेविड वॉर्नर (David Warner) 2018 के बॉल टेम्परिंग विवाद पर कभी कोई किताब लिखते हैं. उसी कांड की वजह से वह कभी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी नहीं कर सकेंगे.

ब्रॉड ने वॉर्नर को मारा ताना 

ब्रॉड ने उस मामले में 9 महीने का प्रतिबंध झेलने वाले कैमरन बैनक्रॉफ्ट से सहमति जताते हुए कहा कि उस गलत हरकत की जानकारी प्रतिबंध झेलने वाले तीन क्रिकेटरों के अलावा भी अन्य लोगों को थी. ब्रॉड ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से कहा,‘मैने डेविड वॉर्नर के एजेंट के कुछ बयान देखे हैं. यह रोचक होगा कि वह क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद एक किताब लिखें.’

बॉल टेम्परिंग विवाद एक कठिन दौर

ब्रॉड ने कहा, ‘इसमें कोई शक नहीं कि इन तीनों खिलाड़ियों के लिए यह काफी कठिन दौर रहा. नवंबर-दिसंबर में एशेज शुरू होने से पहले इस पर चर्चा हो ना हो, लेकिन अगर बार्मी आर्मी (इंग्लैंड के समर्थक) को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति मिली तो वे जरूर इसका जिक्र करेंगे.’

वॉर्नर के मैनेजर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर उठाए सवाल

वॉर्नर के मैनेजर जेम्स एर्सकाइन ने वॉर्नर, बैनक्रॉफ्ट और स्टीव स्मिथ के खिलाफ मामले की जांच के दौरान क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के रवैये की निंदा की थी. ब्रॉड ने कहा कि एक गेंदबाज गेंद की हालत को लेकर काफी संवेदनशील होता है और सभी को उसका ध्यान रखना होता है.

ब्रॉड ने दिया एंडरसन का उदाहरण 

ब्रॉड ने कहा ,‘मैने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के साथ कभी गेंदबाजी नहीं की, लेकिन इंग्लैंड टेस्ट टीम में अगर मैं चार मिलीमीटर से भी सीम चूकता हूं तो जेम्स एंडरसन कहेगा कि गेंद पर निशान कैसे पड़ा. क्योंकि तुम सीम से चूक गए. अब गेंद को सीम कराओ.’ ब्रॉड ने कहा ,‘लाल गेंद को रिवर्स स्विंग मिलना कई पहलुओं पर निर्भर करता है. अगर आप सीमारेखा से थ्रो घास पर फेंक देते हैं तो गेंद नरम हो जाएगी और रिवर्स स्विंग नहीं मिलेगी. गीले हाथ से गेंद को छूने पर भी ऐसा ही होगा.’





Source link