इच्छापुर (पश्चिम बंगाल). पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले का एक छोटा सा कस्बा इच्छापुर लंबे समय से ब्रिटिश काल की राइफल फैक्टरी का पर्याय रहा है. हुगली नदी के तट पर बसे इस कस्बे से हालांकि अब एक नया, अधिक जीवंत प्रतीक जुड़ा है. ‘अर्जेंटीना टी स्टॉल’ जो फुटबॉल के शौकीनों के राज्य पश्चिम बंगाल में फुटबॉल सितारे लियोनेल मेसी और उनके देश का “नामित फैन क्लब” बन गया है.
अर्जेंटीना के झंडे और अन्य सामानों के अलावा, पात्रा के घर और चाय की दुकान पर मेस्सी के कई पोस्टर और चित्र यहां वहां लगे नजर आएंगे. रविवार को शुरू हुए फीफा वर्ल्ड कप के लिए इलाके को और सजाया गया है.
अर्जेंटीना के 120 फुट गुणा 20 फुट के झंडे के साथ ही वर्ल्ड कप में भाग लेने वाली देश की टीम के सभी 11 सदस्यों के विशाल पोस्टर अब दुकान पर आगंतुकों का स्वागत करते हैं. रविवार को दुकान के सामने मेसी की आदमकद प्रतिमा भी लगाई गई, जो इस संस्करण में अपना आखिरी वर्ल्ड कप खेलने वाले अर्जेंटीना के इस खिलाड़ी के प्रति लोगों के प्यार को दर्शाता है.
पात्रा (54 साल) ने पीटीआई को बताया, ”मेसी को अपने सामने खेलते हुए देखना सपने के सच होने जैसा था. मैं कई दिनों तक सो नहीं पाया.”
उनके घर के अंदरूनी हिस्से, जिसमें अलमारी और दरवाजे आदि शामिल हैं, को आसमानी नीले और सफेद रंगों में रंगा गया है, जो अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम की जर्सी का रंग है. पात्रा और अर्जेंटीना फ़ुटबॉल टीम के प्रति समान रूप से भावुक उनकी बेटी नेहा धर्मार्थ गतिविधियां भी करते हैं और रक्तदान शिविर आयोजित करते हैं तथा ज़रूरतमंदों को कंबल भी वितरित करते हैं.
पात्रा ने कहा, ”लोग स्टॉल पर आते हैं और फुटबॉल के बारे में भावुक चर्चा में शामिल होते हैं. यह सिर्फ अर्जेंटीना तक ही सीमित नहीं है, ब्राजील, फ्रांस, पुर्तगाल और अन्य देशों के प्रशंसक भी यहां इकट्ठा होते हैं.” उन्होंने कहा, “यह उनके मेसी का आखिरी विश्व कप होगा और हम सभी इसे खास बनाना चाहते हैं.” इस साल की शुरुआत में नेहा की शादी की थीम भी अर्जेंटीना थी.