Last Updated:
Dog Attack on Kids: बड़वानी के निवाली कस्बे में एक पागल कुत्ते ने 12 लोगों को काट लिया. रेबीज के इंजेक्शन अस्पताल में खत्म, डर का माहौल, बच्चे भी बने शिकार. जानें पूरी घटना.
बड़वानी में कुत्तों का आतंक
बड़वानी ज़िले के निवाली कस्बे में एक पागल कुत्ते ने ऐसा कोहराम मचाया कि लोग दहशत में घरों में कैद हो गए. बीते 24 घंटे में यह कुत्ता 12 से अधिक लोगों को काट चुका है, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं. घायलों को तत्काल निवाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालात तब और बिगड़ गए जब यह सामने आया कि रेबीज के इंजेक्शन अस्पताल में खत्म हो चुके हैं.
स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र के पास तत्काल इलाज के लिए जरूरी एंटी-रेबीज इंजेक्शन नहीं थे. घायलों के तीमारदार जब यह सुनकर भड़के, तब आनन-फानन में पानसेमल के सरकारी अस्पताल से इंजेक्शन मंगवाए गए. स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही ने सभी को चिंता में डाल दिया है.
बेखौफ घूम रहा है पागल कुत्ता, अब तक नहीं पकड़ा गया
सबसे हैरानी की बात यह है कि हमला करने वाला कुत्ता अब भी निवाली की गलियों में बेखौफ घूम रहा है. नगर पंचायत द्वारा अभी तक उसे पकड़ने की कोई ठोस कोशिश नज़र नहीं आई है. लोग अब अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं और मोहल्लों में सन्नाटा पसरा है.