Khargone News: मध्य प्रदेश के खरगोन में स्थित ऐतिहासिक नगरी महेश्वर एक बार फिर चर्चा में है. मां नर्मदा के तट पर बसे इस शहर को जहां इसकी माहेश्वरी साड़ी, किले और धार्मिक महत्व के लिए दुनियाभर में जाना जाता है, वहीं अब यहां के लोग महेश्वर को अलग जिला बनाने की मांग फिर से जोर-शोर से उठा रहे हैं. सोशल मीडिया से लेकर गांव-गांव तक ये आवाज गूंजने लगी है.
1868 से 1907 तक मंडलेश्वर रहा जिला
महेश्वर वर्तमान में एक तहसील मुख्यालय है, जबकि मंडलेश्वर एक समय पर जिला मुख्यालय रह चुका है. इतिहासकार बताते हैं कि अंग्रेजों के समय में मंडलेश्वर निमाड़ का मुख्य केंद्र था. 1868 से 1907 तक होलकर शासन में भी यह जिला मुख्यालय रहा. यही नहीं, आज भी मंडलेश्वर में जिला न्यायालय संचालित होता है.
समिति से जुड़े दुर्गेश राजदीप ने बताया कि अगर महेश्वर को जिला बना दिया जाता है तो इससे महेश्वर और मंडलेश्वर के साथ-साथ आसपास के सैकड़ों गांवों का भी विकास होगा. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक ढांचा, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और न्यायालय जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं यहां पहले से मौजूद हैं, बस राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है.
इसलिए भी महेश्वर जिला बनाना चाहिए
हरचरण सिंह मुच्छाल ने कहा कि महेश्वर और मंडलेश्वर का भूगोल और जनसंख्या इतनी बड़ी है कि यह खुद में जिला बनने की पूरी योग्यता रखता है. उन्होंने कहा कि खरगोन से दूरी ज्यादा होने की वजह से लोगों को प्रशासनिक कामों के लिए काफी परेशान होना पड़ता है.
मोहन अग्रवाल ने ऐतिहासिक तथ्य साझा करते हुए बताया कि जब अहिल्याबाई होलकर ने महेश्वर को अपनी राजधानी बनाया था, तब यह तीन जिलों का एक प्रमुख क्षेत्र हुआ करता था. ऐसे में इतिहास और विरासत के आधार पर भी महेश्वर को जिला बनाया जाना चाहिए.
ब्रिटिश गवर्नमेंट में देवास तक सीमा
वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव एस मोयदे ने कहा कि मंडलेश्वर का इतिहास गौरवशाली रहा है. ब्रिटिश शासन में अभिनेता सलमान खान के दादा अब्दुल रशीद खान यहां डीआईजी रह चुके हैं, जिनका कार्यक्षेत्र पूरे निमाड़ और देवास तक फैला हुआ था. उन्होंने कहा कि महेश्वर-मंडलेश्वर का दायरा तब भी खरगोन से बड़ा था.
1998 से जारी है जिले की मांग
रत्नदीप मोयदे ने बताया कि 1998 से 2000 के बीच भी सामाजिक संगठनों ने महेश्वर को जिला बनाने की मुहिम चलाई थी, लेकिन बात अधूरी रह गई. अब फिर से माहौल बन रहा है, और यह सही समय है जब सरकार को महेश्वर को जिला बनाने की घोषणा करनी चाहिए.