जबलपुर के ओमती क्षेत्र में मंगलवार की रात एक युवती पर उसके पुराने दोस्त ने सरेराह जानलेवा हमला कर दिया। युवती के हरियाणा जाने के इनकार से नाराज युवक ने सड़क पर पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाकर उसके सिर पर मार दिया और मौके से फरार हो गया। घायल युवती को राहगीर
.
ओमती पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय पीड़िता हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली है और जबलपुर के होटल विजन महल में होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रही है। वह होटल के पास ही किराए के मकान में रह रहती है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि तीन साल पहले उसकी दोस्ती हरियाणा के पलवल निवासी प्रिंस उर्फ लवकेश पवार (23) से हुई थी। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती थी और छुट्टियों के दौरान हरियाणा जाने पर मुलाकात भी हो जाती थी।
हरियाणा चलने के बात पर हुआ विवाद
मंगलवार को लवकेश जबलपुर पहुंचा और युवती से मिलने की जिद की। युवती ने उसे डी मार्ट के पास बुलाया, जहां से दोनों ऑटो से घूमने निकल गए। इस दौरान लवकेश ने युवती से कहा कि वह उसके साथ हरियाणा लौट चले, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों ओमती पहुंचे, जहां युवक ने फिर वही बात दोहराई और मना करने पर सरेआम कहासुनी शुरू हो गई। उसके साथ नहीं जाने पर युवक ने हत्या की धमकी भी दी। बाद में गुस्से में आकर युवक ने पत्थर से हमला कर दिया। मौके पर खड़े लोगों ने लवकेश को पकड़ने की कोशिश की तो वह भाग खड़ा हुआ।
पुलिस ने दर्ज किए युवती के बयान
हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। ओमती पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर युवती के बयान लिए और आरोपी लवकेश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हरियाणा के अहीर वाड़ा फरीदाबाद का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।