Bhopal Weather: सोमवार को मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक के बाद मंगलवार को भी कई जिलों में बारिश का दौर देखा गया. रीवा, सागर और भोपाल संभाग के जिलों में दिन व रात के तापमान में काफी गिरावट देखी गई. मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, हरदा, खंडवा, बैतूल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी में भी मानसून प्रवेश कर गया है. वहीं, इससे पहले अशोकनगर में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं का दौर देखा गया.
लगातार आगे बढ़ रहा मानसून
मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन का कहना है कि प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब लगातार आगे बढ़ रहा है. एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन गुजरात के ऊपर बना हुआ है. साथ ही बंगाल की खाड़ी में भी एक सिस्टम बन रहा है. वहीं एक ट्रफ लाइन प्रदेश से होकर झारखंड की ओर जा रही है. इन्हीं सिस्टम के चलते प्रदेश में बारिश और कुछ जिलों में भारी बारिश की भी संभावना है.
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में सबसे ज्यादा 90 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा बड़वारा (कटनी) में 64 मिमी, जवाद (नीमच) में 49 मिमी, महिदपुर (उज्जैन) में 45 मिमी, भानपुरा (मंदसौर) में 40.2 मिमी, बीना (सागर) में 37 और शामगढ़ (मंदसौर) में 36 मिमी बारिश हुई.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें झाबुआ, उज्जैन, मंदसौर, शहडोल और मंडला में भारी बारिश की चेतवानी दी गई है. वहीं बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, इंदौर, रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, और पांढुर्णा जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखा जा सकता है.
प्रदेश के अधिकतम तापमान वाले जिलों की बात करें तो शिवपुरी में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा खजुराहो (छतरपुर) में 38.6 डिग्री, ग्वालियर में 38.5 डिग्री, रीवा में 37.8 डिग्री और टीकमगढ़ में 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान की बात करें तो पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में पारा सबसे कम 16.4 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं नरसिंहपुर में 20.4 डिग्री, राजगढ़ में 21.5 डिग्री, खंडवा में 22 डिग्री और खरगोन में 22.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.
कैसा रहा बड़े शहरों का पारा
प्रदेश के पांच बड़े शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो शनिवार को ग्वालियर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. यहां पारा 38.5 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा जबलपुर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री, भोपाल का 34.4 डिग्री, उज्जैन का 33 डिग्री और इंदौर का 32.2 डिग्री दर्ज हुआ.