प्रदेश में मानसून आने के 24 घंटे बाद गुरुवार रात करीब 10 बजे जिले में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए सतना जिले में यलो अलर्ट जारी किया है।
.
मौसम विभाग द्वारा 18 जून को मानसून आगमन की घोषणा के बाद गुरुवार को सुबह से बादलों की आवाजाही रही। दिनभर तेज धूप के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 37.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान आधा डिग्री बढ़कर 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में सुबह 67 प्रतिशत और शाम को 54 प्रतिशत नमी रही।
पहली बारिश में बिजली गुल, लोग परेशान
गुरुवार को पहली मानसूनी बारिश के साथ ही शहर और गांवों में बिजली चली गई। शहर में बिजली कंपनी की टीम सुधार के काम में लगी रही। कंपनी को लोगों की शिकायतें लगातार मिलती रहीं। बिजली न होने से लोगों को गर्मी और उमस में परेशानी का सामना करना पड़ा।
48 घंटों के लिए यलो अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, असम से दक्षिण पंजाब तक टर्फ लाइन उत्तरी मध्य प्रदेश होते हुए झारखंड के पास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसी कारण सतना और मैहर जिले में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।