वंदे भारत एक्सप्रेस में भी अब यात्री सुरक्षित नहीं हैं। गुरुवार रात निजामुद्दीन से भोपाल आ रही वंदे भारत के एग्जीक्यूटिव कोच में यात्री राज प्रकाश से मारपीट हुई थी। आरोप भाजपा के बबीना विधायक राजेश सिंह के समर्थकों पर है। सीट बदलने को लेकर विवाद हुआ
.
राज को पीटा गया, उसकी नाक तक फ्रैक्चर हो गई। घटना के बाद विधायक समर्थकों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, खबर है कि विधायक ने झांसी में यात्री के खिलाफ शिकायत (NCR) दर्ज करा दी है। घटना के वक्त ट्रेन में सिर्फ दो सुरक्षाकर्मी थे, जबकि विधायक के साथ 10-15 लोग थे। एसपी जीआरपी का कहना है कि यात्री ने शिकायत नहीं की।
विंडो का कांच टूट कर यात्री की थाली में गिरा
आरकेएमपी पहुंचने से दो मिनट पहले बेंगलुरु राजधानी पर पत्थरबाजी
भोपाल| शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचने से दो मिनट पहले नई दिल्ली जा रही बेंगलुरु राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22691) के कोच नंबर बी4 पर अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके। इससे खिड़की का कांच टूट गया। घटना के समय यात्री खाना खा रहे थे।
सीट नंबर 41 पर बैठे शुभम दास की थाली में कांच के टुकड़े गिर गए। गनीमत रही कि कोई यात्री घायल नहीं हुआ। कोच अटेंडेंट ने तुरंत रेलवे प्रशासन को फोन कर जानकारी दी। यात्री चंदन गोस्वामी ने बताया कि उनकी सीट का नंबर 9 है। उनके पास भी पत्थर फेंका गया। कांच पर नहीं लगा, नीचे की ओर लगा, जिससे कांच टूटने से बच गया। रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।