बारिश से नगर की सड़कों पर भरा पानी।
आगर मालवा में शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अब तक दो इंच बारिश दर्ज की गई है।
.
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक जिले की लाल मिट्टी में बोवनी के लिए कम से कम चार इंच बारिश की जरूरत है। पिछले पांच दिनों से बादल छाए हुए थे। लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान बोवनी नहीं कर पा रहे थे।
रविवार सुबह से बारिश की रफ्तार बढ़ी है। कई स्थानों पर तेज बौछारें पड़ रही हैं। किसानों ने खेतों की तैयारी पहले ही कर रखी है। वे बस पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे थे। अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो खरीफ सीजन की बुआई शुरू हो सकती है। जमीन में पर्याप्त नमी आने के बाद किसान खेतों में उतरकर बुआई का काम शुरू कर देंगे।
बारिश के दौरान नगर की सड़कों पर बहता पानी।
किसान बोले- तेजी बारिश की जरूरत
किसान चंदर सूर्यवंशी गंगापुर और शंकर सिंह निपानिया हनुमान ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी हमने खरीफ की बुआई के लिए खेत तैयार किए हुए हैं, हालांकि अभी बोवनी के लिए पर्याप्त बारिश नहीं हुई है, जिस तरह का माहौल बना हुआ है इससे लगता है कि आने वाले 4 से 5 दिनों में बोवनी शुरू हो जाएगी। खेतों को फिलहाल रिमझिम नहीं तेज बारिश की जरूरत है।