Last Updated:
New Startup Idea: सिंगल यूज प्लास्टिक का जवाब मिल गया है. सतना के युवा ने बांस के ऐसे प्रोडक्ट बनाए हैं, जिन्होंने धूम मचा दी है. लोग देखते ही खरीद रहे हैं..
हाइलाइट्स
- बांस से बने उत्पादों ने सिंगल यूज प्लास्टिक का विकल्प दिया
- बैंबू वर्ल्ड स्टार्टअप ने 25 से 30 बायोडिग्रेडेबल उत्पाद बनाए
- स्टार्टअप ने जून से अब तक ₹10 लाख का रेवेन्यू जनरेट किया
Satna News: बांस से बने उत्पादों का उपयोग भारत में सदियों पुराना है. लेकिन, आज के दौर में इस परंपरागत संसाधन को आधुनिकता की नई दिशा दी जा रही है. पर्यावरण जागरूकता और प्लास्टिक प्रतिबंधों के बीच बांस अब एक प्रभावशाली विकल्प के रूप में उभर रहा है. इसी बदलाव की लहर में शामिल है सतना से जुड़ा एक स्टार्टअप बैंबू वर्ल्ड, जिसने अपने नवाचार और टिकाऊ उत्पादों के बल पर कम समय में खास पहचान बना ली है.
बैंबू वर्ल्ड के फाउंडर सुजीत तिवारी ने लोकल 18 को बताया कि वो मूलतः रीवा के रहने वाले हैं. लेकिन, उनकी पढ़ाई-लिखाई और रहाइस सतना में ही हुई है. एमबीए के दौरान जब उन्होंने सरकार द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक बैन की नीति को गहराई से समझा तो उन्हें इसमें एक अवसर दिखाई दिया. सुजीत ने देखा कि प्लास्टिक का कोई ठोस विकल्प बाजार में चल नहीं पा रहा है. इसी सोच के साथ उन्होंने बांस को आधार बनाकर पर्यावरण अनुकूल उत्पादों की दिशा में काम करने की ठानी.
इनक्यूबेशन सेंटर का मिला साथ
शुरुआत में उन्होंने कोटक महिंद्रा बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के रूप में नौकरी की लेकिन मन स्टार्टअप में ही लगा रहा. इसी दौरान उन्हें सतना इनक्यूबेशन सेंटर का साथ मिला जहां एक मजबूत इकोसिस्टम ने उनके विचारों को आकार देने में मदद की. सागर में आयोजित बुंदेलखंड हैकेथॉन में देश भर से 600 से ज़्यादा स्टार्टअप आए थे, वहां उन्होंने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किया और न केवल पहला पुरस्कार जीता, बल्कि ₹1.5 लाख की धनराशि और मुख्यमंत्री से सम्मान भी मिला.
बाद में रीवा में आयोजित RIC (रीजनल इनोवेशन चैलेंज) में हिस्सा लेकर उन्होंने ₹20 लाख की फंडिंग का ऑफर प्राप्त किया. आज उनके स्टार्टअप के पास लगभग 25 से 30 बायोडिग्रेडेबल उत्पाद हैं, जिनमें सबसे प्रमुख है बांस से बना अल्ट्रासॉफ्ट टूथब्रश. इसमें 20,000 से अधिक नैनो ब्रिसल्स होते हैं. इसके अलावा बांस से बनी बॉटल, मग, डायरी, इंसुलेटेड वाटर बॉटल और प्लांटेबल पेन-पेंसिल जैसे उत्पाद भी खूब पसंद किए जा रहे हैं. इन पेंसिल और पेन के पिछले हिस्से में सब्जियों और फलों के बीज होते हैं जिन्हें इस्तेमाल के बाद मिट्टी में लगाने पर पौधे उग आते हैं..
इतना रेवन्यू जनरेट
इन अनोखे उत्पादों की बिक्री सोशल मीडिया और सतना की स्टेशनरी दुकानों के माध्यम से की जा रही है. महज़ जून में शुरू हुए इस स्टार्टअप ने अब तक ₹10 लाख तक का रेवेन्यू भी जनरेट किया है, जो भविष्य की संभावनाओं को और भी मजबूत करता है.